दुर्ग

तूफान की तबाही से ठप बिजली आपूर्ति चंद घंटों में दुरुस्त
07-Jun-2024 4:26 PM
तूफान की तबाही से ठप बिजली आपूर्ति चंद घंटों में दुरुस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 जून। मौसम बदलने के कारण दुर्ग जिले में आए आंधी-तूफान से लगभग 2 दर्जन स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं बिजली लाइनों पर गिर गई थी। हवा के वेग से बिजली के खंभे सहित वितरण तंत्र में ब्रेक-डाउन का गहरा असर हुआ था। इस व्यवधान को विद्युत कर्मियों ने चंद घंटों में ही ठीक कर दिया और विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी, जिसके कारण रात का अंधेरा गहराने के पहले ही बिजली की रोशनी लौट आई।

 यही वजह है कि 2 जून की दोपहर दुर्ग के उत्तरी क्षेत्र में जब आंधी-तूफान से क्षेत्र के सभी फीडर ट्रिप हो गए तब दुर्ग के विद्युत कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। लगभग 2 दर्जन स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर एच.टी. तथा एल.टी. लाइनों पर गिर गई थी जिन्हें खोजकर हटाया गया, साथ ही 6 बिजली खंभे, 33 के.व्ही. क्षमता का 1 नग, 11 के.व्ही. क्षमता के 5 नग, सहित अनेक फीडर ब्रेक-डाउन का शिकार हो गए। इस घटना से 73 ट्रांसफॉर्मर के डी.ओ. फ्यूज उड़ गए तथा 123 ट्रांसफॉर्मरों के एल.टी. फ्यूज पिघल गए थे। नेहरू नगर, कोहका तथा वैशाली नगर जोन की विद्युत आपूर्ति सर्वाधिक प्रभावित हुई थी। सीमित संख्या में उपलब्ध मानव संसाधन के रणनीतिक उपयोग द्वारा तथा निकटस्थ उपलब्ध कार्यालयों के लाइन स्टॉफ की मदद से विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का कार्य प्रारंभ किया गया। 617 फ्यूज ऑफ कॉल कम्प्लेंट दर्ज की गयी थी। पहले सभी 11 के.व्ही. फीडर्स को सेक्शनलाइज कर अधिकतम क्षेत्र चालू किया गया उसके पश्चात् फाल्ट दुरुस्त कर शेष लाइन भी चालू की गयी। नेहरू नगर तथा कोहका जोन में डी.ओ. फ्यूज/एल.टी. फ्यूज बनाने हेतु समीप के जवाहर नगर जोन एवं एच.टी. मेंटेनेंस, दुर्ग के कर्मचारियों की सहायता से अतिरिक्त गैंग बनाकर तथा फ्यूज ऑफ कॉल ठेकेदार से अतिरिक्त गैंग लेकर सीमित समयसीमा में दुरुस्तीकरण की कार्रवाई की गयी। जोन के सहायक यंत्री, कनिष्ठ यंत्री अपने साथ एक-एक तकनीकी कर्मचारी को लेकर अलग-अलग लाइनों में विद्युत व्यवधान को दूर किया गया। कोहका जोन के गौतम नगर में ट्रांसफॉर्मर फेल के कारण विद्युत व्यवधान हुआ जिसे रात के 8.30 बजे तक ट्रांसफॉर्मर बदलकर सामान्य किया गया। ज्यादातर उपभोक्ताओं को 2 घंटे में राहत मिल गई थी, वहीं बड़े फॉल्ट को भी रात्रि 8 बजे तक ठीक कर दिया गया।


अन्य पोस्ट