दुर्ग
एक ही नंबर की दो पिकअप सहित तीन गाडिय़ां जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जून। दुर्ग जिले की क्राइम टीम ने जामुल थाना क्षेत्र से गुरुवार सुबह एक क्विंटल गांजा के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन गाडिय़ों को जब्त किया है, जिसमें दो गाडिय़ां एक ही नंबर की हैं।
इस मामले का मुख्य आरोपी इतना शातिर है कि वो एक ही नंबर से दो पिकअप गाडिय़ां लेकर गांजे की तस्करी करता रहा है। पुलिस ने इनके पास से जो दो पिकअप जब्त किया है, उन दोनों का नंबर सीजी 07 सीजेड 8751 है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक कई साल से गांजा बेचने का काम करता है। उसके पास गांजे की बड़ी खेप आई है और वो लोग उसे अलग-अलग गाडिय़ों में रखकर खपाने जा रहे हैं।
क्राइम टीम ने गुरुवार सुबह छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से एक कार और दो पिकअप वाहन जब्त किया है। इन तीनों गाडिय़ों में गांजा भरकर ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में पहले तो आरोपियों ने गोलमोल जवाब दिया, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वो ओडिशा से गांजा लाकर जिला और आसपास के क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करता है। जामुल थाना में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि आरोपी दो गाडिय़ों में एक ही नंबर, दोनों गाडिय़ों को एक तरह की बनाकर रखे थे, जिससे अगर पुलिस गाड़ी को कहीं पकड़े तो वो उसे दूसरी जगह होना दिखाकर बच सकें।