दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने प्रारंभ हो गया है। ये जानकारी देते हुए शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. ए. सिद्धिकी एवं इग्नू अध्ययन केन्द्र के समन्वयक डॉ. अनिल कश्यप ने बताया कि दुर्ग साइंस कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केन्द्र में मानव अधिकार में तथा पर्यावरण में एवं आहार एवं पोषण में सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम की सुविधा उपलब्ध है।
डॉ. कश्यप के अनुसार उक्त सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम के अलावा दुर्ग में स्नातक स्तर पर बी.ए. तथा बी.कॉम की तथा स्नातकोत्तर स्तर पर एम.ए. एवं एम. कॉम के अध्ध्यन की सुविधा उपलब्ध है। एम.ए. में राजनीति शास्त्र, इतिहास, लोक प्रशासन, हिन्दी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, ग्रामीण विकास आदि विषय उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा तथा पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट इन जियो इन्फोरमेटिक्स जैसे रोजगार उन्मुखी पाठ्यक्रम भी दुर्ग अध्ययन केन्द्र में उपलब्ध है।
ग्रामीण विकास से संबंधित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रूरल डेव्हलपमेंट तथा एमएसडब्ल्यू, पीजीडीआरडी, एम.ए. आरडी आदि समस्त पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। साइंस कॉलेज अध्ययन केन्द्र प्रति सप्ताह में गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार को शाम 5 से 7 बजे तथा रविवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक खुला रहता है। इग्नू अध्ययन केन्द्र के समन्वयक डॉ. अनिल कश्यप ने बताया कि इग्नू की टर्म एण्ड जून की परीक्षा 7 जून से आरंभ होगी। प्रतिदिन प्रात: कालीन एवं सायं कालीन सत्रों में आयोजित होने वाली यह परीक्षा 15 जुलाई तक साइंस कॉलेज में संचालित होंगी। परीक्षा में शामिल होने हेतु प्रत्येक विद्यार्थी को इग्नू का जारी परिचय पत्र, प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है। इग्नू के जुलाई 2024 सत्र में प्रवेश हेतु अनेक पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्ययन की सुविधा प्रदान की गई है। इस संबंध में पाठ्यक्रम में ऑनलाइन प्रवेश लेते समय विद्यार्थी को निर्धारित शुल्क अदा करना होगा तथा दस्तावेजों के साथ जाति प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।