दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 (आरटीई) के तहत फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रवेश देने की शिकायत को जिला शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। आरटीई में प्रवेश संबंधी आवेदनों एवं दस्तावेजों का पुन: परीक्षण के लिए जिला स्तर पर दल का गठन किया गया है। संबंधित दल शिक्षा का अधिकार अधिनियम अंतर्गत प्रवेश के लिए प्राप्त शिकायतों की जांच करेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा द्वारा 31 मई को गठित दल में 5 सदस्य बनाए गए हैं। सीमा नायक सहायक संचालक जिला शिक्षा विभाग के नेतृत्व में दल के सदस्य प्रवेश के आपत्तियों का परीक्षण कर जिला शिक्षा अधिकारी को प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
आरटीई के तहत वर्ष 2024-25 में प्रवेश के लिए प्रथम चरण में प्रवेश के लिए 4293 सीटों के विरुद्ध कुल 13056 आवेदन प्राप्त हुए। जिले के 528 निजी स्कूलों में गरीब और मध्यम तपके के बच्चों को प्रवेश दिए जाने आवेदन की प्रक्रिया 1 मार्च से शुरू हुई है। 15 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए। 15 अप्रैल तक आवेदन लेने के बाद 18 अप्रैल से 17 मई तक नोडल अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच की गई। उसके बाद दस्तावेजों के फर्जी होने एवं अपात्र को प्रवेश देने की शिकायत विभाग को प्राप्त हुई है। द्वितीय चरण में प्रवेश के लिए 15 जून से शुरू होगा।
15 से 30 जून तक नवीन स्कूलों के पंजीयन संबंधी आवेदन लिए जाएंगे, जिसका सत्यापन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। द्वितीय चरण में प्रवेश के लिए आवेदन 1 से 8 जुलाई तक लिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी का गठित जांच दल के सदस्यों में सीमा नायक सहायक संचालक, राजेश ओझा लेखा अधिकारी, संजय वर्मा एमआईएस प्रशासक, चंद्रेश प्रसाद सहायक ग्रेड 3, तथा राजदीप श्रीवास्तव सहायक ग्रेड 3 शामिल हैं। ये सदस्य सहायक नोडल अधिकारियों द्वारा जांच किए गए दस्तावेजों का पुन: जांच करेंगे।