दुर्ग

दो दिनों में साढ़े पांच डिग्री नीचे उतरा पारा
04-Jun-2024 3:20 PM
दो दिनों में साढ़े पांच डिग्री नीचे उतरा पारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 4 जून। दो दिनों में दुर्ग में पारा साढ़े पांच डिग्री नीचे खिसक गया है। दुर्ग में आज अधिकतम तापमान  40.2 डिग्री सेल्सियस  रहा सप्ताह भर तक हीट वेव से परेशान लोगों को पारा नीचे गिरने पर तेज गर्म हवा के थपेड़ों से थोड़ी राहत मिली है।

दुर्ग में लगातार कुछ दिनों तक पारा45 डिग्री से ऊपर रहने की वजह से प्रचंड गर्मी पड़ रही थी। लगातार अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक था मगर  सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम है। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं बिलासपुर 41.6 एवं माना में 40.4 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, वहीं अगले 4 - 5 दिनों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल है साथ ही एक -दो स्थानो पर गरज चमक के साथ40 - 50 किमी की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है।

विभाग के अनुसार एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तरप्रदेश के क्षेत्र में 1.5 किमी के ऊपर स्थित है वहीं एक द्रोणिका पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर स्थित है। साथ ही चक्रवाती परिसंचरण से मप्र एवं आंतरिक महाराष्ट्र होते हुए उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक 1.5 किमी ऊपर स्थित है।

 इसी प्रकार एक चक्रवाती परिसंचरण बिहार के ऊपर 0.9 किमी ऊपर स्थित है।


अन्य पोस्ट