दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 जून। दुर्ग शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में से एक गंजपारा चौक के आसपास का क्षेत्र अतिक्रमण की भयंकर चपेट में है। यहां और किसी ने नहीं बल्कि व्यापारियों ने ही अतिक्रमण कर रखा है। इसके चलते आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण को बढ़ावा मिला हैं। गंजपारा में पुरानी गंजमंडी होने की वजह से क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा देने गंज कॉम्पलेक्स के ठीक पीछे नगर निगम द्वारा करीब 25 वर्ष पूर्व लगभग 11 दुकानों का निर्माण करवाया गया था। सभी दुकानों का साइज एक समान है।
दुकानों के सामने अधिकांश व्यापारियों ने बहुत आगे तक अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर लिया है। व्यापारियों ने इसके लिए नगर निगम की अनुमति लेने की जरूरत भी नहीं समझी है। एक दूसरे को देखकर व्यापारियों द्वारा नियम व शर्तों का खुलेआम धज्जी उड़ाते हुए अवैध निर्माण करा लिया गया है।
इन दुकानों के सामने का मार्ग गंजपारा को मिलपारा से जोड़ता है। जहां से होकर दिनभर भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता था। जिसकी वजह से जाम की स्थिति लगातार निर्मित होते रहती है। जो क्षेत्र के लोगों में आक्रोश का बड़ा कारण बना हुआ है। इस सबसे निगम एवं शहर प्रशासन अनभिज्ञ नही है। इसके बावजूद कार्रवाई नही किए जाने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा इंदिरा मार्केट, हटरी बाजार,मोती कॉम्पलेक्स, मान होटल के अलावा अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में दुकान के सामने फैला कर सामान रखने व अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ अभियान चलाकर लगातार सख्ती बरती जा रही है। अभियान में सामान जब्ती के अलावा जुर्माना वसूली की कार्रवाई भी की जा रही है। फिर गंज कॉम्प्लेक्स के ठीक पीछे की दुकानों के व्यापारियों पर नगर निगम की मेहरबानी बड़ा सवाल खड़ा करता है।
नगर निगम की यह भेदभाव वाली दोहरी नीति दीगर क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश पैदा कर रही है। नगर निगम ने गंज कॉम्लेक्स के पीछे कभी संचालित शास्त्री प्राथमिक पाठशाला के जर्जर भवन को तोडक़र कॉम्लेक्स निर्माण की स्वीकृति दी थी,लेकिन भव्य कॉम्लेक्स का निर्माण नहीं हो पाया है। उसके एवज में नगर निगम द्वारा सडक़ से लगे स्थान पर 11 दुकानों का निर्माण जरुर करवा दिया गया था,लेकिन इन दुकानों के अधिकांश व्यापारियों द्वारा दुकान के सामने पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे यह दुकानें सडक़ से और करीब आकर आवागमन को प्रभावित कर रही है।
बहरहाल यहां के व्यापारियों का यह पक्का अतिक्रमण क्षेत्र के फुटकर व्यवसाईयों को अतिक्रमण के लिए प्रोत्साहित करता है। इस वजह से गंज कॉम्प्लेक्स परिसर के सामने का क्षेत्र भी अतिक्रमण की भेंट चढ़ गया है। अतिक्रमण के चलते रोड में आवागमन बाधित हो रहा है। परिसर को पार कर सडक़ तक पहुंच चुके अतिक्रमण से यहां हमेशा भीड़-भाड़ की स्थिति व्याप्त रहती है। अतिक्रमण की वजह से गंजपारा चौक के आसपास कई बड़े सडक़ हादसे हो चुके है। फिर भी इस ओर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस का ध्यान नहीं है। इन दोनों विभाग की अनदेखी इनकी कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रही है।
ऐसा नहीं है कि गंजपारा चौक के आसपास लगने वाले जाम से जिला प्रशासन व नगर निगम बेखबर हो। जिला व निगम प्रशासन सडक़ और व्यापारिक इलाको मे अतिक्रमण हटाने हमेशा प्रयासरत रही है, लेकिन गंज कॉम्प्लेक्स के ठीक पीछे की दुकानों में व्यापारियों के खुद के अतिक्रमण और गंजपारा चौक के आसपास फुटकर व्यवसाइयों के अतिक्रमण पर कब कारवाई की जाएगी। यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
गंजपारा क्षेत्र दुर्ग शहर का ऐसा व्यापारिक इलाका है, जहां जिलेभर के ग्रामीण क्षेत्र के लोग कृषि उपकरण, ट्रैक्टर एवं बोर पंप के पार्ट्स खरीदने आते है। निगम प्रशासन का ध्यान नहीं होने की वजह से व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों को मुख्य सडक़ तक बढ़ा लिया गया हैं। आवाजाही बाधित हो रही हैं और दुर्घटनाओं में इजाफा हो गया है। लेकिन नगर निगम प्रशासन गंज कॉम्पलेक्स के ठीक पीछे की दुकानों के सामने पक्के अतिक्रमण के खिलाफ आंख मूंदे बैठा है। शहर को एक स्वच्छ, संवेदनशील और जनोन्मुखी प्रशासन चाहिए। गंजपारा क्षेत्र की हालत देखकर लगता है, दुर्ग निगम इस मामले में यहां फेल हो गया है।