दुर्ग

इलाज कराने रायपुर गया था परिवार, ताला तोडक़र जेवर पार
31-May-2024 4:20 PM
इलाज कराने रायपुर गया था परिवार, ताला तोडक़र जेवर पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 मई। अपनी लडक़ी के इलाज के लिए रायपुर जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने सुने आवास का ताला तोडक़र अलमारी एवं दीवान में रखे लाखों रुपए के सोने, चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम की चोरी कर ली।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक आबादी पारा पोटिया कला निवासी संतोष सिंह राजमिस्त्री का कार्य करता है। 28 मई को वह अपनी लडक़ी काजल के इलाज के लिए परिवार सहित घर में ताला लगाकर रायपुर गया हुआ था। 29 मई को जब वापस आकर गेट खोलने के बाद जब अंदर गया तो देखा कमरे के सभी ताले टूटे हुए थे। घर का सामान एवं दीवान का बिस्तर बिखरा हुआ था। अज्ञात आरोपी ने घर में रखें 30 हजार नगद ,सोने की आयरिंग, झुमका, पट्टी, मंगलसूत्र, कान का खुटी, नाक की फुल्ली, लॉकेट, चांदी का लच्छा, पायल, पैर की पट्टी, बिछिया, चांदी की चूडिय़ां, लॉकेट सहित लगभग 1,41,900 रुपए कीमत के सामानों की चोरी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट