दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मई। लगातार दूसरे दिन दुर्ग पारा 45 डिग्री के पार रहा। वहीं कुछ दिनों से रात्रि के तापमान में भी वृद्धि हो रही है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दिन के साथ अब रात्रि में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। रात्रि के समय बढ़ते तापमान के मद्देनजर अब मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर के साथ ही उष्ण रात्रि की भी चेतावनी दी है।
दुर्ग में बुधवार को पारा 45 डिग्री को पार कर गया वहीं आज दूसरे दिन भी अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढक़र 31.2 डिग्री सेल्सियस हो गया है जोकि सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। रात्रि में भी गर्म हवाएं चल रही है। लोगों को कूलर पंखे भी गर्मी से समुचित राहत नहीं दे पा रही हैं। राजनांदगांव जिले में तो न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं आज प्रदेश में मुंगेली सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर 46.4, रायपुर 46 एवं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है जिसकी वजह से कुछ स्थानों में ग्रीष्म लहर की संभावना बनी हुई है। विभाग के मुताबिक एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण के साथ बना हुआ है जो दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश, दक्षिण बिहार, उप हिमालयी पं बंगाल एवं सिक्किम होते हुए पश्चिम बंगला देश तक समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊँचाई पर है।