दुर्ग

रात भी महसूस होंगे लू के थपेड़े
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 मई। इन दिनों नौतपा चल रहा है, गर्मी कहर बनकर लोगों पर टूट रही है। प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी की मार से हर कोई परेशान है। इस बीच मौसम विभाग ने भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में गर्मी का आलम ऐसा है कि घर में न तो एसी काम कर रही और न ही कूलर। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय खोज रहे हैं।
ज्ञात हो कि मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए सभी जगहों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे स्पष्ट है कि आज और अगले दो दिन भी हीट वेव (लू)की स्थिति बनी रहेगी। 30 मई तक भीषण गर्मी के साथ रात में भी गर्म हवाएं चलेंगी। ऐसे में सेहत का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। इन सब के बीच मौसम विभाग ने जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि घर से निकलते समय अपने आप को पूरी तरह से सुरक्षित कर ही बाहर निकले।
दरअसल दोपहर के 12 बजे से 3 बजे तक घरों में रहने के लिए कहा है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लू और गर्मी अपने चरम पर होती है और इस वजह से खुद को लू के कारण बीमार होने से बचाएं। मौसम विभाग ने कहा है कि 2 जून के बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं रायपुर के तापमान की बात करें तो 27 मई को माना एयरपोर्ट में 43.4, बिलासपुर 43.0, पेंड्रारोड 42.5, अम्बिकापुर 39.6, जगदलपुर 37.3, दुर्ग 42.8, राजनांदगांव 43.5 रहा। रायपुर मौसम विभाग की मानें तो एक द्रोणिका, उत्तर पूर्वी राजस्थान के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से मध्यप्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी की उंचाई पर स्थित है।
वहीं आज प्रदेश का मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। आज प्रदेश में बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर संभाग के जिलो में लू/गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विभाग ने 31 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर दुर्ग और जिला हास्पिटल सिविल सर्जन ने लोगों को भीषण गर्मी से बचने अपील करते हुए अनावश्यक दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने कहा है।