दुर्ग

हाईवा ने मारी बाइक को टक्कर, युवक की मौत
29-May-2024 5:09 PM
हाईवा ने मारी बाइक को टक्कर, युवक की मौत

ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 मई। उतई थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम खमरिया मोड पर मंगलवार की सुबह रेत से भरे हाइवा ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, वहीं घायल को हायर ट्रीटमेंट के लिए निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है जहां उसकी भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मौके पर दलबल सहित उतई थाना टीआई मनीष शर्मा पहुंचे और स्थिति को संभाला। हाइवा क्रमांक सीजी 07 सी जेड 8659 के चालक आरोपी अजय कुमार यादव को पुलिस ने पकड़ लिया है।

 गुस्साए लोगों ने घटना के विरोध में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों द्वारा ब्रेकर बनवाने एवं आरोपी पर सख्त कार्रवाई किए जाने के आश्वासन  के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। उतई पुलिस के मुताबिक सुबह लगभग  8.30 बजे खम्हरिया के पास  रेत से भरे हाइवा क्रमांक सीजी 07 ए जेड 8659 का चालक मोड़ पर गाड़ी कंट्रोल नहीं कर सका और सामने से आ रही बाइक को चपेट में ले लिया।

दुर्घटना में बालोद अटकर निवासी लक्ष्मीकांत साहू (45) और लक्ष्मण निषाद (45) को गंभीर चोटे आई। बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने डायल 112 में फोन करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को खून से लथपथ हालत में दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान लक्ष्मीकांत साहू ने दम तोड़ दिया, वहीं अन्य घायल लक्ष्मण निषाद का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

दुर्घटना से गुस्साए आसपास के ग्रामीणों ने रोड में बैठकर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप था कि विगत कई वर्षों से आसपास के रहवासियों द्वारा स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की जा रही है, इसके बाद भी उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एक दो दिन में ब्रेकर बनवा दिया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि यहां अंधा मोड़ होने से आए दिन सडक़ दुर्घटना होती रहती है। उन्होंने कहा कि अब तक यहां 15 से ज्यादा हदसे हो चुके हैं, इसके बावजूद भी प्रशासन अब तक नहीं जागा है।

लगातार बढ़ रहा भारी

वाहनों का दबाव

उतई से डुण्डेरा, मोरीद, सोमनी मार्ग चौड़ीकरण हुआ है तब से इस मार्ग पर दिन-रात  बेधडक़ माल वाहक चलाई जा रही है। प्रशासन की अनदेखी आम जनता पर भारी पड़ रही है।

उतई से डुण्डेरा, भिलाई तीन होते राजहरा जाने वाले इस मार्ग पर दुर्घटना की संभावना लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर इससे पूर्व भी कई घटनाएं हो चुकी है और कई लोगों की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद भी मार्ग पर ना तो ब्रेकर बनाए जा रहे हैं और ना ही यातायात पुलिस की कोई व्यवस्था की जा रही है। इस मार्ग पर किसी तरह की जांच न होने से बेखौफ होकर भारी लोडेड वाहन चालक इस मार्ग से गुजरते हैं।


अन्य पोस्ट