दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 28 मई। नगर पालिका परिषद कुम्हारी अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14 के रहवासियों ने सोमवार को वार्ड पार्षद ओमनारायण वर्मा के नेतृत्व में पीने के पानी को लेकर नाराजगी जताते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात कर शिकायत की।
वार्ड वासियों का कहना था कि बीते कुछ दिनों से पालिका द्वारा जो पानी की सप्लाई की जा रही है वह पीने योग्य नहीं है। पानी गंदा होने के साथ-साथ उसमें क्लोरीन व अन्य तत्वों की मात्रा भी अधिक है, जिससे पानी पीने एवं अन्य उपयोग में लेने योग्य नहीं है, जिसकी वजह से लोगों को समस्या उत्पन्न हो रही है। इसी समस्या के निराकरण के लिए वार्डवासियों ने पालिका अधिकारी से मुलाकात किया जिनके द्वारा समस्या का जल्द ही निराकरण करने का आश्वासन दिया गया है। वार्ड वासियों ने समस्या का हल नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर ने कहा कि बारिश के पूर्व नदी में पानी की कमी के चलते गंदे पानी को साफ करने लिए ज्यादा मात्रा में क्लोरीन व ब्लीचिंग का उपयोग हुआ है, जिसके कारण ही पालिका द्वारा सप्लाई किये गए पानी के स्वाद में थोड़ा फर्क आ गया है। वार्ड 14 के रहवासियों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए समस्या का शीघ्र निराकरण कर लिया जाएगा।