दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 मई। नवतपा जिले में अपना जबरदस्त असर दिखा रहा है। रविवार को दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। वहीं मौसम विभाग ने 27 मई सोमवार को दुर्ग संभाग के जिलो में ग्रीष्म लहर की चेतावनी दी है।
विभाग के अनुसार दुर्ग, बिलासपुर एवं रायपुर संभाग के जिलों के एक दो स्थानों में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है। दुर्ग संभाग का बेमेतरा आज सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज दिनभर गर्म हवाएं चलती रही। इसकी वजह से दोपहर में सडक़ों में विरानी छाई रही। नवतपा शुरू होने के साथ रात का भी तापमान बढ़ गया है। जिले में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के समय भी कूलर पंखे चलने के बावजूद अपेक्षित राहत नहीं मिलने से गर्मी के कारण लोग बेचैन रहे। जानकारी के अनुसार रायपुर 43, बिलासपुर 42.2 एवं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 44 एवं न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।