दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई । निगम क्षेत्र में चल रहे नाला सफाई को दुरुस्त कराने विधायक गजेंद्र यादव मैदान में उतरे और मौके पर पहुंचकर नाला सफाई का निरीक्षण किए ताकि लगातार बारिश होने पर कहीं भी जलभराव की स्थिति न बने। वार्ड 11, 24 व 26 में चैनमाउंटेन से शंकरनाला की सफाई को देखे और निगम के अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए मानसून पूर्व 15 जून तक सफाई पूर्ण करने निर्देश दिए।
विधायक गजेंद्र ने डूबान वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर उन क्षेत्रों में सघन स्तर पर सफाई करने कहा। श्री शिवम के पास नाला संकरा होने से बहकर आने वाला कचरा फंसता है, इसका निराकरण करने नाला की चौड़ाई बढ़ाने निगम के ईई को इस्टीमेट बनाने निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद नरेश तेजवानी, तपन मलिक, किशोर अहिरवार, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, उप अभियंता सुरेश केवलानी, विकास दमाहे उपस्थित रहे।
बिजली बंद की शिकायत पर त्वरित हो निराकरण
भीषण गर्मी में बिजली बंद होने की शिकायत जनता से मिलने पर विधायक गजेंद्र यादव ने संज्ञान में लिया और बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक को फोन कर बोरसी, बघेरा, जवाहर नगर और दुर्ग सिटी चारों जोन में व्यवस्था दुरुस्त करने निर्देश दिए हैं।
उन्होंने दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यपालन यंत्री को बिजली बंद होने की शिकायत पर त्वरित निराकरण करने तथा 132 केवी ट्रांसमिशन रिले सिस्टम को शीघ्र व्यवस्थित करने निर्देश दिए हैं। इसके अलावा निगम क्षेत्र के सभी पोल में लाइट चालू करने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए है ताकि रात्रि में आवागमन में नागरिकों को परेशानी न हो।