दुर्ग

बेखौफ चल रहा है अवैध मुरुम उत्खनन का कारोबार
26-May-2024 3:25 PM
बेखौफ चल रहा है अवैध मुरुम उत्खनन का कारोबार

खनिज महकमा मौन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई ।
जिले में इन दिनों विभिन्न अवैध मुरुम उत्खनन का कारोबार बेखौफ धड़ल्ले से चल रहा है। ग्राम ननक_ी में डेढ़े माह से मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिसे लेकर जिले का खनिज महकमा उदासीन बना हुआ है। 

क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि ननक_ी क्षेत्र के एक डबरीनुमा तालाब से विगत डेढ़ माह से चैन माउन्टेन मशीन लगाकर अवैध रूप से मुरुम का उत्खनन किया जा रहा है। तस्वीर को देखकर सहज अंदाज लगाया जा सकता है कि बेतरतीब ढंग से यहां कैसे खुदाई की जा रही है, जिससे खतरनाक खाई बन गया है।

दुर्ग जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख का कहना है कि मुरुम उत्खनन की अनुमति ही नहीं है मगर कई जगहों पर परिवहन अनुमति लेकर धड़ल्ले से अवैध मुरूम उत्खनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके खेतों की भूमि सुधार के नाम पर बड़े पैमाने से अवैध उत्खनन का कार्य चल रहा है। 

उनका कहना है कि बिरेझर, ननकठ्ठी, भानपुरी, अछोटी रिसामा, अण्डा, मतवारी, थनौद, चंदखुरी, निकुम सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन अवैध उत्खनन कर हाइवा में कई ट्रिप मुरूम का परिवहन किया जा रहा है। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में ईंट भठ्ठा वाले भी अवैध रूप से खनिज उत्खनन कर रहे हैं। किसानों के खेतों को खोदकर बड़े पैमाने पर मिट्टी का परिवहन किया जा रहा है। इसमें कुछ बड़े ईंट भठ्ठा वाले शामिल होना बताया जा रहा है। 

मामले में खनिज महकमा के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया।
 


अन्य पोस्ट