दुर्ग

पुलगांव नाले में जलकुंभी के चलते बरसात में हो सकता है जलसंकट
26-May-2024 3:22 PM
पुलगांव नाले में जलकुंभी के चलते बरसात में हो सकता है जलसंकट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई ।
दुर्ग भिलाई शहर में पिछले वर्ष बरसात के दिनों में शिवनाथ नदी इंटकवेल में बार-बार कचरा फंसने की वजह से हुई पानी सप्लाई की किल्लत के बाद भी जिला या नगर निगम प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है और इस वर्ष अब बारिश आने वाली हैं फिर भी पुलगांव नाले में पटे जलकुंभी की न तो सफाई किया गया है और न ही गंदे पानी व कचरा जाने से रोकने लंबे समय से चल रहे नाला डायवर्सन कार्य को पूरा किया गया है जिसके चलते इस बरसात में भी शिवनाथ नदी पंप हाउस के साइफन में जलकुंभी व कचरा फंसने के चलते फिल्टर प्लांट में पानी सप्लाई ठप्प होने व लोगों को पीने के पानी के लिए तरसने की संभावना बढ़ गई है। 

इस संबंध में नगर निगम के पूर्व सभापति और भाजपा प्रवक्ता दिनेश देवांगन ने निगम प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा है कि नगर निगम में कांग्रेसी परिषद विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद से राजनीति रूप से मृतप्राय अवस्था में हो गई हैं और निगम के जिम्मेदार अधिकारी अपनी मनवीय कर्तव्यों को भूलकर केवल पगार के लिए नौकरी कर रहे हैं। ऐसे में शहर की जनता अब भगवान भरोसे रह गई है, तभी तो विगत वर्ष बारिश के दिनों में इंटकवेल में कचरा जाम होने के कारण जनता को हुए पेयजल संकट को भूल गए हैं और वर्ष पूर्व तैयारियों से जुड़े हुए इस महत्वपूर्ण कार्य के प्रति उनकी कोई चिंता नहीं रहा।

पूर्व सभापति व भाजपा नेता दिनेश देवांगन ने कहा कि पिछले वर्ष बरसात में लोगों को बार-बार पानी आपूर्ति बाधित होने पर वे स्वयं इस मामले को उठाया था और इसकी मूल वजह पुलगांव नाला का गंदा पानी रोकने बीच में बनाई गई एनीकेट तथा नाले में भरी जलकुंभी व पानी में जमे कचरा की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था, तब निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे स्वीकारते हुए बाढ़ व बारिश के चलते नाले की सफाई के लिए असमर्थता प्रकट की थी।

चूंकि विगत साढ़े चार वर्ष से नाला डायवर्सन का कार्य चल रहा था जो विगत कई महीनो से बंद पड़े है और इस नाला में नदी से महज पचास मीटर की दूरी में एनीकेट बनाकर गंदे पानी के बहाव रोक दिया गया है, जिसकी वजह पूरा नाला जलकुंभी व भारी मात्रा में कचरों से पट गया है जो बारिश होते ही फ्लो में बहकर दुर्ग निगम के क्रमश: 24 व 42 एमएलडी व भिलाई निगम के 77 एमएलडी इंटकवेल के सायफन में फसने लगेंगे, जिसे बार-बार साफ करना संभव नही होगा और इसके कारण टंकिया भी नहीं भर पायेगा और भरी बरसात में लोग पीने के पानी के लिए जूझ सकता है।
 


अन्य पोस्ट