दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 मई। गुरुवार की रात को पत्नी से मिलने गए पति पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर हालत में उसे गंगोत्री अस्पताल दुर्ग में ले जाकर भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात लगभग 11 बजे कुरूद कोहका भिलाई निवासी सौकिर आलम 40 वर्ष को उसकी पत्नी ने अपने मायके से फोन करके कहा कि स्कूटी की चाबी गुम हो गई है। इसके बाद रात में ही सौकिर आलम अपनी मरोदा में रह रही पत्नी को चाबी देने के लिए गया था। चाबी देने के दौरान अचानक सौकिर आलम पर किसी ने चाकू से वार कर उसका गला काट दिया। वहां से गुजर रही पेट्रोलिंग पार्टी ने घायल को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल ले गये वहां से उसे इलाज के लिए गंगोत्री अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इस संबंध में नेवई थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने कहा कि घायल पर किसी ने चाकू से वार किया है।
घायल का आईसीयू में इलाज चल रहा है और वह किसी से बात करने की स्थिति में नहीं है। अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है और उसे पर किसने वार किया है यह भी स्पष्ट नहीं है।