दुर्ग

दोहरा हत्याकांड: केस दोबारा खोलकर फिर से बयान लेगी पुलिस
16-May-2024 3:10 PM
दोहरा हत्याकांड: केस दोबारा खोलकर फिर से बयान लेगी पुलिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 मई।
ग्राम गनियारी में हुई राजवती साहू एवं उसकी पोती सविता साहू की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली है। इस मामले में पुलिस महा निरीक्षक दुर्ग राम गोपाल गर्ग ने इस अंधे कत्ल के बारे में महत्वपूर्ण सूचना देकर आरोपी को गिरफ्तार करवाने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। अब पुलिस इस मामले रीओपन कर रही है और सभी से फिर से बयान लेगी । 

उल्लेखनीय है कि 7 मार्च को प्रार्थी केशव राम साहू पिता अर्जुन साहू ने पुलगांव थाना में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम गनियारी मे परिवार सहित रहता है। 6 मार्च की रात को प्रार्थी अपने घर से अपनी मां के घर में आकर गाय बैल को कोठा में बांध दिया था। इसके बाद वह घर जाकर सो गया था। 7 मार्च की सुबह 5 बजे रोजाना की तरह गाय बैल को बाहर निकालने आया तब बरामदे में उसने लाइट जलाया। जब उजाला हुआ तो उसने देखा पानी की टंकी के पास काफी मात्रा में खून पड़ा हुआ है। उसने तुरंत घर जाकर अपने बड़े भाई निर्मल साहू एवं परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। जब परिवार वाले घर पहुंचे तो देखख कि राजबती साहू एवं सविता साहू का रक्त रंजित शव पड़ा हुआ था। राजबती साहू 65 वर्ष तथा कुमारी माया उर्फ सविता साहू 17 वर्ष की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस महानिदेशक ने जानकारी देने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा की थी। जांच के दौरान पुलिस ने इस हत्याकांड में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने के साथ-साथ कई लोगों से पूछताछ की थी। इसके बाद भी पुलिस को अब तक इस मामले को सुलझाने में सफलता नहीं मिल पाई है।
 


अन्य पोस्ट