दुर्ग
दुर्ग, 15 मई। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने खरसिया जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने आवास का ताला तोडक़र अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम की चोरी कर ली। प्रार्थी राकेश कुमार पटेल की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380 457 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक संगम चौक टावर गली उरला निवासी प्रार्थी रेलवे में नौकरी करता है। पारिवारिक शादी का कार्यक्रम होने से वह 6 मई की सुबह परिवार सहित ट्रेन से खरसिया जिला रायगढ़ गया हुआ था। 9 मई की सुबह 8,.30 बजे उनके पड़ोसी विपिन मेश्राम ने फोन करके बताया कि घर के ऊपरी मंजिल का पिछला दरवाजा खुला हुआ है एवं घर के मेन गेट का लगा ताला भी टूटा हुआ है। सूचना मिलने के बाद जब प्रार्थी 9 मई को अपने घर वापस आया तो देखा गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम में रखा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी के लाक को तोडक़र अज्ञात आरोपी ने सोने की एक अंगूठी, सोने की एक जोड़ी बाली, सोने का टॉप्स एक जोड़ी, एक जोड़ी पायल, बच्ची की चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी का 2 जोड़ा चूड़ा एवं 15000 रुपए नगद की चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
दुर्घटना में घायल युवक की अस्पताल में मौत
दुर्ग, 15 मई। चार पहिया वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभनपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चार पहिया वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 304 ए के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक जिला अस्पताल के वार्ड बाय संदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 मई की रात को लगभग 8 बजे हनोदा से धनोरा रोड के बीच अज्ञात चार पहिया वाहन चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए करण साहू 30 वर्ष निवासी ग्राम हनोदा थाना पद्मनाभपुर को टक्कर मार दी थी। इससे करण साहू के सिर व शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटे आए थी और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में ले जाकर भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अज्ञात चार पहिया वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
महिला मराठा समाज ने किया शशिप्रभा का सम्मान
महासमुंद,15 मई। छत्रपति शिवाजी मराठा मंगल भवन धमतरी में सेवानिवृत्त प्राचार्य शशिप्रभा थिटे का अभिनंदन छग महिला मराठा समाज की महिला प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। प्रदेश स्तरीय इस सम्मेलन में समाज के प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। ज्ञातव्य है कि शशिप्रभा थिटे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केएस थिटे की बेटी एवं वरिष्ट अधिवक्ता प्रलय थिटे महिला मराठा की बड़ी बहन हंै।
उन्होंने रविशंकर विश्व विद्यालय से एमएससी जूलॉजी में मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त किया था। अविभाजित मध्यप्रदेश में लोक सेवा आयोग में चयनित होकर राजनांदगांव एवं महासमुंद के शासकीय कन्या शाला में व्याख्याता एवं बाद में बेमचा, बिरकोनी एवं महासमुंद में प्राचार्य होकर सेवानिवृत्त होने के पश्चात स्थानीय देव संस्कृति विद्यालय शिक्षण संस्थान की अध्यक्ष का दायित्व निर्वहन कर रही हैं।
लापता युवक का नदी में मिला शव, जांच
दुर्ग, 15 मई। घर से लापता हुए युवक का मंगलवार को रसमड़ा नदी थाना अंजोरा में शव मिला है। अंजोरा पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक गवली पारा निवासी सिद्धार्थ जैन पिता विजय जैन 40 वर्ष लगभग 6 दिन से घर से लापता था। उसके घर से लापता होने की मौखिक शिकायत परिजनों ने कोतवाली थाना में की थी। लापता हुए युवक का शव आज नदी में तैरता हुआ मिला है। पुलिस इसे आत्महत्या या हत्या मानकर जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक घर परिवार में भी कुछ विवाद चल रहा था जिसको लेकर भी युवक परेशान था। वहीं पुलिस का कहना है कि मृतक नशे का भी आदि था और उसका नशा मुक्ति केंद्र में इलाज भी चल रहा था। युवक की हरेली तेल की एजेंसी भी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में भिजवाया, उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।