दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 11 मई । छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ कुम्हारी खपरी में किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संघ भवन में रखा गया जिसमें प्रदेश के महासमुन्द, जांजगीर चापा, बलौदाबाजार, जगदलपुर, दुर्ग एवं रायपुर, सहित अन्य जिलो से दो सौ से भी अधिक किसान सम्मिलित हुए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में खीरा की खेती के सम्बन्ध में सम्पूर्ण जानकारी भूपेन्द्र परमार द्वारा दी गई, जिसमें फसल के बीज की बुवाई से लेकर फसल तोड़ाई तक जानकारी प्रदान की गई। इसके उपरान्त करेला की खेती के सम्बन्ध में देवेश टांक एवं प्रशांत मारू ने सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की। करेला फसल में लगने वाले कीट व्याधि निवारण करके अधिक उत्पादन किस तरह से लिया जा सकता है इस सम्बन्ध में किसानों को विस्तृत रूप से जानकारी दी गई।
दोपहर भोजन उपरान्त लौकी की उन्नत खेती विषय पर पारूल सिंग और सुमीत लोहान द्वारा किसानों को पूर्ण जानकारी दी गई। प्रदेश के लगभग सभी जिलो के किसान इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से लाभान्वित हुए। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन के कारण सब्जी वर्गीय फसलों में रोग व्याधि देखा जा रहा है, इस समस्या के समाधान के लिए प्रदेश के किसानों को प्रशिक्षित करना संघ का मूल उद्देश्य है ताकि हमारे प्रदेश का किसान खुशहाल हो सके ।
खीरा, करेला व लौकी फसल प्रशिक्षण कार्यकम में अधिक पंजीयन के कारण कार्यक्रम को आगामी 15 मई को पुन: आयोजित किया जा रहा है इस कार्यकम के आयोजन में छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्र लोहान, प्रदेश सचिव भुपेन्द्र दुबे, सह सचिव दिलीप राठौर, संजय गोहिल व हर्षित पढिय़ार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।