दुर्ग

भारती विवि का गोदग्रामों में जनचैपाल
11-May-2024 2:34 PM
भारती विवि का गोदग्रामों में जनचैपाल

दुर्ग, 11 मई। भारती विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा 10 मई को गोदग्राम पीसेगांव तथा कोनारी में जनचौपाल लगाकर ग्रामवासियों को गांधी जीवन दर्शन तथा संविधान में उल्लेखित मौलिक कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।

गांधी जीवन दर्शन के अंतर्गत सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह जैसे गांधीवादी मूल्यों पर ग्रामवासियों के साथ विमर्श किया गया तथा वर्तमान विकट सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य में गांधीवादी मूल्यों पर चलकर ग्राम स्वराज के गांधी जी के स्वप्न को सरकार करने के संभावनाओं पर विमर्श किया गया, जिससे सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित सामाजिक विकास को बढ़ावा मिल सके।  मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरुकता अभियान के अंतर्गत संविधान में उल्लेखित 11 मौलिक कर्तव्यों के बारे में ग्रामवासियों को जागरूक किया गया।

 जिससे ग्रामीण समाज में संवैधानिक मूल्यों की प्रति समझ एवं स्वीकृति का दायरा बढ़े एवं सशक्त ग्रामीण समाज के निर्माण एवं विकास की ओर हम प्रगति करें। गोदग्राम पीसेगांव में ग्राम पंचायत सरपंच गुलाब बांधे के साथ विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास के विभिन्न मुद्दों पर बैठक का आयोजन किया एवं ग्रामवासियों के कल्याण एवं उत्थान हेतु सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।

भारती विश्वविद्यालय एवं भारती आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, दुर्ग द्वारा दिनांक 11 मई 2024 को पंचायत भवन पीसेगांव में निरूशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं सर्वेक्षण शिविर का आयोजन किया जाना इसी बैठक में सुनिश्चित किया गया। उपरोक्त कार्यक्रमों का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं गोद ग्राम समन्वयक डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम द्वारा डॉ. रोहित कुमार वर्मा के विशेष सहयोग से किया गया।


अन्य पोस्ट