दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 मई। हेमचंद यादव विवि दुर्ग के पोटिया कला स्थित नवनिर्माणाधीन भवन का आज विवि के अधिकारियों ने निरीक्षण कर भवन में उपलब्ध सुविधाओं का भौतिक रूप से अवलोकन किया।
भवन के निर्माण की पूर्णता में लगातार विलंब को देखते हुए विवि में कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें भवन निर्माण स्थल पर स्वयं भौतिक रूप से जाकर निर्माण प्रक्रिया के अवलोकन करने के निर्देश दिये।
यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि केन्द्र सरकार की पीएम उषा राशि मद से निर्माणाधीन विवि के भवन का निरीक्षण करने वालों में कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डीसीडीसी, डॉ. प्रीता लाल, क्रीडा संचालक, डॉ. दिनेश नामदेव, वित्त अधिकारी, सुशील गजभिये, सहायक कुलसचिव, हिमांशु शेखर मंडावी शामिल थे।
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार अधिकारियों ने भवन में लिफ्ट की उपलब्धता, विद्यार्थियों हेतु बनाये जा रहे शुल्क काउंटर, छात्र काउंटर, वेटिंग हॉल, पार्किंग, ट्रांसफार्मर की स्थापना, बाउंड्रीवाल निर्माण, पेयजल व्यवस्था, प्रसाधन कक्ष, सेमीनार हॉल, कुलपति, कुलसचिव, तथा अन्य अधिकारियों के कक्ष में उपलब्ध संसाधन, तथा अन्य विभागों की आवष्यकतानुसार निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने स्थल में उपस्थित कर्मचारियों एवं सुपरवाइजर को 31 मई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। और इस कार्य में चौथे मंजिल पर गुम्बद का निर्माण, लिफ्ट को लगाना, मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण तथा बिल्डिंग के चारों ओर सीमेंट रोड का निर्माण जैसे कार्य शामिल है।