दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 मई। प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा श्री जलाराम ट्रॉफी जिला स्तरीय सीनियर पुरुष व महिला शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन 25 मई से ओम परिसर स्थित डीएवी मॉडल कॉलेज के हाल में किया गया है।
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवम तुलसी सोनी ने बताया की आर्य शिक्षा समिति दुर्ग भिलाई के विशेष सहयोग से उक्त चैंपियनशिप का आयोजन 25 एवं 26 मई को दो दिन का होगा जिसमें दुर्ग जिले के खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं। भाग लेने वाले खिलाडिय़ो को जिला शतरंज संघ दुर्ग से पंजीकृत होना अनिवार्य है। स्पर्धा के आधार पर जिले की टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 7 से 10 जून तक पिथौरा में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर शतरंज चैंपियनशिप में दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उक्त चैंपियनशिप में सीनियर पुरुष व महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 3100 रुपए नगद एवम श्री जलाराम विजेता ट्रॉफी द्वितीय 2100 रुपए नगद व ट्रॉफी तृतीय 1500 रुपए नगद व ट्रॉफी चतुर्थ पुरस्कार 1000 रुपए नगद एवम ट्रॉफी प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा आयु वर्ग में अंडर 7,9,11 एवम अंडर 13 में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को ट्रॉफी प्रदान किया जाएगा। तथा भाग लेने वाले समस्त खिलाडिय़ों को मेडल एवम प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। स्पर्धा में भाग लेने हेतु प्रवेश शुल्क 350 रुपए निर्धारित है तथा प्रवेश की अंतिम तिथि 22 मई तक है। इसके बाद लेट फीस 150 रुपए निर्धारित है।
स्पर्धा में प्रवेश हेतु खिलाड़ी फिडे आर्बिटर रॉकी देवांगन,सीनियर नेशनल आर्बिटर दिव्यांशु उपाध्याय,जिला शतरंज संघ दुर्ग के उपाध्यक्ष एस के भगत एवम अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत से संपर्क कर सकते है। उक्त चैंपियनशिप में प्रथम एवम द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पुरुष एवम महिला खिलाडियों को राज्य चैंपियनशिप में भाग लेने की फीस जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा वहन किया जाएगा। आयोजन में तुलसी सोनी, दिनेश जैन, दिनेश नलोडे,ललित वर्मा, मोरध्वज चंद्राकर, संजय खंडेलवाल, राजकुमार ताम्रकार, हरीश सोनी,जयंता दास सहित अन्य लोग सक्रियता से अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।