दुर्ग

20 सहकारी समितियों में हो चुका धान बीज भण्डारण
23-Apr-2024 2:54 PM
20 सहकारी समितियों में हो चुका धान बीज भण्डारण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 अप्रैल।
जिले के 87 में से 20 सहकारी समितियों में अब तक की स्थिति में धान बीज का भण्डारण किया जा चुका है। जिले के सभी सहकारी समितियों में 30 अप्रैल तक बीज पहुंचाने बीज निगम द्वारा कवायद तेज कर दिया गया है। बीज निगम के रुआबांधा प्रक्रिया क्रेन्द में अभी भी 23 हजार क्विंटल से अधिक धान बीज उपलब्ध है।

छग राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड ने खरीफ 2024 के लिए प्रमाणित बीज की नई दरें घोषित होने के बाद प्रक्रिया केन्द्र से समितियों में बीज का भण्डारण शुरू कर दिया गया है। जिले के 20 सहकारी समितियों में अब तक 2093.40 क्विंटल धान बीज का भण्डारण किया जा चुका है। पाटन में सर्वाधिक एक हजार क्विंटल बीज का भण्डारण किया जा चुका है। वहीं दुर्ग एवं धमधा विकासखंड के विभिन्न समितियों में भी एक हजार क्विंटल से अधिक धान बीज भण्डारित हो चुका है। बीज प्रबंधक एस.के. बेहरा का कहना है कि प्रक्रिया केन्द्र से प्रतिदिन समितियों में बीज भेजे जा रहे हैं।

किसानों से मांग के अनुसार जिले में सभी प्रकार की फसलों के कुल 39 हजार 775 क्विंटल बीज की मांग है। जानकारी के अनुसार वर्तमान में प्रक्रिया केन्द्र रुआबांधा में समितियों में भेजने के बाद अभी भी 23 हजार क्विंटल से अधिक धान बीज उपलब्ध है। इसी प्रकार सोयाबीन 36, उड़द 2.40, सन 3.50 क्विंटल उपलब्ध है। 11000 क्विंटल बीजों की आपूर्ति राज्य के अन्य जिलों एवं अन्य राज्यों से की। 
 


अन्य पोस्ट