दुर्ग

बुजुर्ग से सवा करोड़ की ठगी
21-Mar-2024 2:00 PM
बुजुर्ग से सवा करोड़ की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 मार्च।
शेयर ट्रेडिंग करने के नाम पर आरोपियों ने एक बुजुर्ग को ठगी का शिकार बनाया। फायदे का 20 प्रतिशत हिस्सा लेने के बाद शेयर ट्रेडिंग कर उसे 50 लाख रुपए को 4 महीने में 3 करोड़ से अधिक पहुंचा देने का झांसा देते हुए आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ अलग-अलग किश्तों में 1 करोड़ 31 लाख रुपए की ठगी की। 

आरोपियों ने पैसे जमा करने के बाद ना तो लाभांश दिया और नहीं मूल राशि लौटाई। बुजुर्ग प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ सक्सेना, राहुल गुप्ता के खिलाफ धारा 406, 420, 467,468, 471, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी अक्षय प्रमोद सामद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आदर्श नगर दुर्ग निवासी एक बुजुर्ग के साथ आरोपियों ने 1 करोड़ 31 लाख 66 हजार 999 रुपए की ठगी कर ली है। आदर्श नगर दुर्ग निवासी रोहित कुमार बघेल (62) को 22 दिसंबर 2023 को एक फोन आया था। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सिद्धार्थ सक्सेना बताया। आरोपी सिद्धार्थ ने खुद को एआरके टेक्नालाजी कंपनी का कर्मचारी बताते हुए जानकारी दी कि उनकी कंपनी शेयर ट्रेडिंग करती है। इसके बाद आरोपियों ने पीडि़त का डीमेट अकाउंट खोलकर उससे ट्रेडिंग कर अच्छा मुनाफा दिलवाने की बात कही। आरोपी ने अपनी कंपनी के हेड रिसर्चर सिंघानिया से भी बात कराई थी।

आरोपी सिंघानिया ने पीडि़त से कहा कि उनकी कंपनी कम से कम 50 लाख रुपये के कैपिटल से शेयर ट्रेडिंग करती है। इससे कम राशि से वे काम नहीं करते। आरोपी ने ये भी दावा किया था कि यदि वो 50 लाख रुपए लगाता है तो वे उसे चार महीनों के भीतर तीन करोड़ रुपये बना देंगे। आरोपियों ने डीमेट अकाउंट खोलने के लिए पीडि़त का आधार कार्ड, पैन कार्ड की जानकारी ली। इसके बाद उसका डीमेट अकाउंट खोले थे। रुपए देने के बाद पीडि़त को जब वापस अपनी रकम मिलती नहीं दिखाई दी तब उसने सिद्धार्थ सक्सेना और राहुल गुप्ता से संपर्क किया। आरोपी उसे रुपए देने के बजाय टालमटोल करने लगे थे। आरोपियों ने दिसंबर 2023 से लेकर एक मार्च 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 31 लाख 66 हजार 999 रुपये विभिन्न खातों में जमा करवाकर ठगी कर ली। पीडि़त से आरोपियों ने ये कहा था कि पूरी राशि की अंतिम किश्त जमा होने के एक सप्ताह के भीतर लाभ सहित पूरी राशि पीडि़त के खाते में आ जाएगी।
 

 


अन्य पोस्ट