दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 मार्च। केंद्रीय विद्यालय में नव नियुक्त प्राथमिक शिक्षकों के लिए आयोजित कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला के समापन अवसर पर केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग के सहायक आयुक्त रवींद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
प्राचार्य उमाशंकर मिश्रा ने पुष्प युक्त पादप देकर मुख्य अतिथि का हरित स्वागत किया। कार्यशाला के निर्देशक उमाशंकर मिश्रा ने कहा रोचक, मनोरंजक तथा उद्देश्यपूर्ण खेल-क्रियाओं एवं गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अच्छी आदतों एवं नैतिक मूल्यों का विकास किया जा सकता है। 0-6 वर्ष की आयु में बच्चों के विकास की गति तेज होती है तथा यही आयु संस्कारों के निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त होती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस अवस्था का उपयोग सजगता से किया जाना चाहिए। मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त रविंद्र कुमार ने कहा-प्राथमिक शिक्षा सम्पूर्ण शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। शिक्षा में यदि छात्र पर किसी का सबसे अधिक प्रभाव होता हैं तो वह प्राथमिक शिक्षक ही होता है।
करण वर्मा एवं गायत्री ने कार्यशाला के लाभों का वर्णन किया। विशेषज्ञ टीम के रूप में उपस्थित शरद साहू, अनामिका कश्यप एवं प्रेरणा उपाध्याय ने कहा केंद्रीय विद्यालय दुर्ग की पूरी टीम ने कार्यशाला के संचालन में सहयोग किया हैं। प्राथमिक शिक्षा बहुत अधिक महत्वपूर्ण है। कोमल मन के साथ काम करना है। इसलिए कोमलता, सहजता, सरलता, सद्भाव, सामंजस्य और सरसता प्राथमिक शिक्षकों के अंदर अवश्य होना चाहिए। सहायक आयुक्त रविंद्र कुमार एवं प्राचार्य उमाशंकर मिश्र द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। मुख्य अध्यापक कमल सोनी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान गया गया।