दुर्ग

गेल इंडिया गैस पाइपलाइन प्रभावित किसानों ने दिया अल्टीमेटम
06-Mar-2024 1:55 PM
गेल इंडिया गैस पाइपलाइन प्रभावित किसानों ने दिया अल्टीमेटम

प्रदर्शन कर संयुक्त बैठक की मांग की संभागायुक्त से, चक्काजाम की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मार्च।
21 गांवों के गैस पाइपलाइन प्रभावित किसानों ने दुर्ग में मंगलवार को हिन्दी भवन के सामने धरना-प्रदर्शन कर पटेल चौक से रैली करते हुए हिन्दी भवन पहुंच कर संभाग आयुक्त को ज्ञापन दिया। रविप्रकाश ताम्रकार के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन हेतु किए जा रहे कार्यों से जिले के किसान पिछले एक साल से पीडि़त है। जिला प्रशासन द्वारा भी आंदोलनरत किसानों के माँगो और हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है ।

कांग्रेस नेता संदीप पटेल ने बताया कि गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन अधिनियम 1962 के प्रावधानों की धज्जियां उड़ा कर तेजी से पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया । हमने उन तामम उल्लंघनों को उजाकर करके जिला प्रशासन को सबूतों के साथ मुख्यमत्री और कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया पर कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसान आक्रोशित हैं।

जिला किसान संघ से रमाकांत बंजारे ने कहां कि ग्राम टेमरी, रौता, खर्रा, हिर्री, नवागांव, डोमा और पथरिया में अधिकतर किसान मुआवजे का  8 महीने से इंतजार कर रहे है। कुछ लोगों के बैंक ख़ातो में पैसा डालने के बाद बाकी किसानों को गुमराह कर पाइपलाइन बिछा दी गई।

छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा (मजदूर कार्यकर्ता समिति) के कलादास डहरिया ने कहा कि गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा ग्राम नवगांव में स्थित भूमि के डायवर्सन की प्रक्रिया अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय धमधा में विचाराधीन है । उसके बावजूद उक्त भूमि पर विगत 6 महीनों से नियम कानून का उल्लंघन कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध कर निर्माण कार्य को बंद करवाया है। फसल असनारा के स्थानीय किसान सनत साहू में बताया कि पिछले एक साल से किसानों को खेती करने में बड़ी परेशानी हो रही है। फसल नुकसान हेतु किए गए पंचनामा में भी भारी अनियमितता सामने आ रही है । पंचमामा की प्रतिलिपि एक साल बाद किसानों को दी जा रही है । इसमें कई त्रुटि है, नुकसान का आकलन ग़लत तरीक़े से हुआ है।

आंदोलन में शामिल किसानों ने संभाग आयुक्त से उनकी अध्यक्षता में गेल(इंडिया), प्रभावित किसान और जि़ला प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित कर विस्तृत चर्चा करने का आग्रह किया है। इस आंदोलन में ग्राम टेमरी से कोमल देशमुख, रौता से सतानंद राजपूत, हिर्री से जय राम साहू, नवागाँव से माखनलाल साहू, डोमा से रूपेमद्र साहू, बागडूमर से ओमप्रकाश सिंह और अहेरी से हेमलाल सहित दुर्ग के 21 गांवों के प्रभावित किसानों ने चक्काजाम की चेतावनी भी दी। पाइपलाइन प्रभावित किसान संघर्ष समिति के समर्थन में राजेंद्र परगनिहा, आदिवासी मातृ शक्ति संगठन से चंद्रकला तारम, अहेरी से जनपद सदस्य भूपेन्द्र साहू, ढालेश साहू आदि उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट