दुर्ग
दुर्ग, 4 मार्च। चेक बाउंस के एक मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भिलाई-3 जिला दुर्ग न्यायालय ने शोभा त्रिपाठी पति देवप्रकाश त्रिपाठी, प्रोप्राईटर अरनव इण्डस्ट्रीज, 5/ एच, हैवी इण्डस्ट्रीयल एरिया हथखोज भिलाई जामुल को 06 माह का कारावास एवं 20 लाख रु. के प्रतिकर से दंडित किया है। यह राशि 01 माह के भीतर अदा नहीं किए जाने पर उसे 03 माह का साधारण कारावास भुगतना होगा। यह फैसला भिलाई-3 के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पंकज दीक्षित के न्यायालय ने दिया है। परिवादी जयप्रकाश गोयल पिता स्व. रामपाल गोयल, प्रोप्राईटर ज्योति इंटरप्राइजेस, नंदिनी रोड छावनी चौक भिलाई ने दुर्ग न्यायालय में चेक अनादरण का मामला शोभा त्रिपाठी प्रोप्राईटर अरनव इण्डस्ट्रीज के विरुद्ध प्रस्तुत किया था। परिवादी की ओर से पैरवी अधिवक्ता नीरज चौबे ने की।
अधिवक्ता नीरज चौबे ने बताया कि आरोपी शोभा त्रिपाठी प्रोप्राईटर अरनव इण्डस्ट्रीज ने वर्ष 2014 में परिवादी जयप्रकाश गोयल पिता स्व.रामपाल गोयल, प्रोप्राईटर ज्योति इंटरप्राइजेस, नंदिनी रोड छावनी चौक भिलाई से स्टील प्लेट क्रय किया था। जिसके रकम 27,15,370 रू. के भुगतान के लिए केनरा बैंक, एस.एम.ई. शाखा भिलाई का चेक दिया गया था। उक्त चेक बाउंस हो गया था। आरोपी शोभा त्रिपाठी प्रोप्राईटर अरनव इण्डस्ट्रीज को चेक बाउंस होने की पंजीकृत सूचना परिवादी ने अधिवक्ता नीरज चौबे के माध्यम से प्रेषित की थी, लेकिन आरोपी ने रकम का भुगतान नहीं किया था।