दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जनवरी। गेल इंडिया लिमिटेड के खिलाफ क्षेत्र के किसानों ने मोर्चा खोला। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। इससे पाइप लाइन बिछाने कार्य स्थल पर प्रयोग किये जा रहे उपकरणों एवं वाहनों की जाँच करने मांग की है साथ ही उन्होंने किसानों से किये दुव्र्यवहार किए जाने की भी शिकायत की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा मुंबई नागपुर झारसुगड़ा गैस पाइपलाइन परियोजना हेतु दुर्ग जिले के 21 गाँव में गैस पाइपलाइन बिछाने की कार्य प्रगति पर है। उक्त पाइपलाइन कार्य हेतु गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा के. ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को ठेके पर काम दिया गया है। इसकी जानकारी उन्हें तब मिली जब इनके कर्मचारी ग्राम रवेली में काम करने पहुंचे ।
उनका कहना है कि अपनी असली पहचान छुपा कर के.ई, सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी गेल (इंडिया) लिमिटेड का नाम लेकर खेतो में आते है। ग्राम रवेली के एक किसान ने जब इन्हें खेल में जाने से रोका तो के ई, सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी उसे डराने धमकाने लगे। जिसके बाद गाँव के किसान उस पीडि़त किसान के खेत में एकत्रित होकर गए। उस दिन लगभग 20 से 25 श्रमिक वहा पाइपलाइन के वेल्डिंग और खुदाई के कार्य में लगे हुए थे। जिनसे उनका पहचान पत्र माँगा, लेकिन इनमें से किसी व्यक्ति के पास उनका पहचान पत्र नहीं था। ये गाँव के किसानो की सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है। सारे कर्मचारी अन्य प्रदेश से आकर उनके आसपास के गाँव में रह रहे है। के.ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ने उनकी पंचायत में भी यहाँ काम करने वाले ठेका मजदूरो की कोई लिखित जानकारी नहीं दी है।
उनका कहना है कि साईट इंचार्ज परमेश कराडा ने अपने गले में आई कार्ड लगा कर रखा था जिसमे के ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड का नाम था। तब जाकर उन्हें पता चला की ये गेल (इंडिया) के नहीं बल्कि ठेका श्रमिक है। शिकायत कर्ताओं का कहना है कि 3 जनवरी को ग्राम बागडूमर में पटवारी के साथ एक व्यक्ति आया जिसने पहले खुद को तहसीलदार बताया और मीटिंग शुरू की फिर थोड़ी देर चर्चा करने के बाद पंचनामा बनाने की बात कहने लगा जिसके बाद ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज की और बैठक को स्थगित किया गया। मीटिंग खत्म होने के बाद उस व्यक्ति ने बताया कि वह रिटायर्ड तहसीलदार है और वह गेल (इंडिया) लिमिटेड से आया है। इस तरह किसानो को गुमराह कर गेल (इंडिया) लिमिटेड का नाम लेकर कई तरह के लोग गाँव में आ रहे है और किसानों से हस्ताक्षर करवा रहे है।
किसानों का कहना है कि उक्त पाइपलाइन कार्य हेतु दुर्ग-भिलाई शहरी सार्वजनिक यातायात सोसायटी की गाड़ी क्रमांक सीजी 07 ई1334 का उपयोग कर रहे है जिसका कोई कागजात इनके पास नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जिला प्रशासन ने इन्हें सार्वजनिक वाहन उपयोग करने हेतु कोई अन्नापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया है ? के ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा उपयोग किये जा रहे दुर्ग-भिलाई शहरी सार्वजनिक यातायात सोसायटी के वाहन से राजस्व हानि भी हो रही होगी क्योंकि यह वाहन सार्वजनिक उपयोग हेतु है न कि किसी प्राइवेट कंपनी के उपयोग के लिए।
उन्होंने मांग किया है कि के.ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन कार्य हेतु दुर्ग जिले के कार्यरत समस्त कर्मचारियों की सूची तैयार कर सार्वजनिक की जाए। दुर्ग जिले के सभी पुलिस थाने में इनकी सूची को भेजा जाए किसी भी गाँव में प्रवेश करने से पहले के.ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को ग्राम पंचायत में पाइपलाइन संबंधी कार्य करने हेतु लिखित सूचना देने की अनिवार्यता को सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक गाँव में ठेका श्रमिको की सूची नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड सहित दिया जाए के.ई.सी. स्पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन कार्य हेतु उपयोग की जा रही सभी वाहनों के दस्तावेज एवं फिटनेस की जाँच आर.टी.ओ विभाग द्वारा तत्काल करवाई जाए। जाँच के बाद उन सभी वाहनों की सूची ग्राम पंचायत में दी जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में किसान रवि प्रकाश ताम्रकार,यासीन खान, असगरखान , गौतम देवांगन, श्याम लाल, करुणा आदि शामिल है।