दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
छुरा, 27 जनवरी। आईएसबीएम विश्वविद्यालय नवापारा (कोसमी) छुरा, गरियाबंद में 75वां गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतरूपा साहू तहसीलदार छुरा थे।
ध्वाजारोहण उपरांत मुख्य अतिथि ने कहा कि सभी नागरिकों को सदैव श्रेष्ठ कार्य कर स्वयं के साथ साथ परिवार, समाज एवं राष्ट्र का नाम रोशन करना चाहिए।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने कहा कि राष्ट्र के लिए हम सभी को समर्पित होना आवश्यक है। हम देश की सेवा अपने-अपने कार्यों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी निभा सकते है। हमें प्रयास करना चाहिए कि हमारा जीवन राष्ट्र को समर्पित हो। उन्होंने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक पहलुओं पर विस्तार से वक्तव्य रखा। कहा कि आज भी राष्ट्र, आर्थिक, सामाजिक और जातिगत् मतभेदों के बीच बटा हुआ है। हमें राष्ट्र के विभिन्न चुनौतियों का सामना करना है और भावी सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए वर्तमान को मजबूत करना आवश्यक है।
विवि के छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने कहा कि, हमें अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन रखना आवश्यक है। गणतंत्र दिवस के पृष्ठभूमि पर सभा को संबोधित करते हुए गणतंत्र की महत्व पर प्रकाश डाला। अगली कड़ी में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष ने गणतंत्र दिवस पर अपने अपने विचार रखे तथा हिंदी के प्राध्यापक ने स्वरचित राष्ट्र भक्ति कविता प्रस्तुत की।
अंतिम कड़ी में कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन विश्वविद्यालय के आकादमिक अधिष्ठाता ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक,अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।