दुर्ग
कृषि महाविद्यालय में प्रथम वार्षिकोत्सव, सांसद हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 25 जनवरी। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र मर्रा में प्रथम वार्षिकोत्सव एवं छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह गम्मत 2024 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय बघेल सांसद दुर्ग लोकसभा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. गिरीश चंदेल, कुलपति इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर, हर्षा लोकमनी चंद्राकर, सदस्य जिला पंचायत दुर्ग, डॉ. विजय जैन, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र पांहदा, लालेश्वर साहू, अध्यक्ष-दक्षिण मण्डल पाटन, लोकमणी चंद्राकर, अध्यक्ष उत्तर मण्डल, पाटन, पालेश्वर ठाकुर, सरपंच ग्राम-पंचायत मर्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ ओमप्रकाश परगनिहा, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, मर्रा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि कृषि महाविद्यालय में अध्ययन करके विद्यार्थी शिक्षा के साथ अन्य विधा में राज्य से बाहर जाकर कालेज के साथ-साथ अंचल का नाम रौशन कर रहें है। निश्चित ही सभी बच्चे बधाई के पात्र है। इस कार्य में लगे सभी शिक्षकों का योगदान भी सराहनीय है, जो अपने अनुसंधान के माध्यम से विद्यार्थियों तथा कृषकों को नयी तकनीक सीखा रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बिटिया दिवस है, वैसे तो सभी दिन बिटिया का है लेकिन आज का दिन बिटिया का दिन है इसलिए आप सभी कों राष्ट्रीय बिटिया दिवस की बधाई। बेटी है तो कल है बेटी नहीं तो ये जीवन नहीं। उन्होंने इस बात का विश्ववास दिलाया कि महाविद्यालय नई ऊंचाईयों तक ले जाने में मेरा सहयोग सदैव रहेगा।
महाविद्यालय द्वारा विभिन्न आयोजनों के दौरान भाषण, वाद विवाद प्रतियोगिता, रंगोली, पेंटिंग, खेलकूद, सांस्कृतिक आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था जिसके विजेताओं को सांसद के करकमलों से प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रोजेक्टर पर वीडियोग्राफी के माध्यम से कॉलेज के साढ़े चार सालों की उपलब्धियों को दिखाया गया।
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत कर उंचे स्तर तक पहुंचना है। युवा शक्ति देश के सर्वांगीण विकास की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य युवाओं के प्रयासों से ही प्राप्त किया जा सकता है चुंकि आप कृषि छात्र हैं और हमारी अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है अत: आपकी जवाबदारी और अधिक बनती है। हम कृषि शिक्षा के माध्यम से बाजार की दशा दिशा बदल सकते है।
छात्रसंघ का शपथ ग्रहण कुलपति डॉ गिरीश चंदेल द्वारा कराया गया जिसमें साक्षी वर्मा अध्यक्ष, अमन कुर्रे उपाध्यक्ष, गौरी सजीव सचिव, साहिल साहू सयुंक्त सचिव, पल्ल्वी, हर्षिता चंद्राकर, लीना साहू, रुपेश कुमार ने कक्षा प्रतिनिधि रूप में शपथ लिया।
कार्यक्रम के शुरुवात में कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ.ओ. पी. परगनिहा ने मंचस्थ अतिथियों को संबोधित करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने कृषि महाविद्यालय के साढ़े 4 साल के उपलब्धि के विषय में विस्तार से बताया।
हम शिक्षा के साथ अनुसंधान एवं प्रसार के कार्य भी कर रहें है। हमारे कॉलेज के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में आठ पदक हासिल किया और इसके साथ दो बच्चों का चयन नेशनल गेम्स के लिये भी हुआ है। साथ ही सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक विद्यार्थी का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
छात्रसंघ की अगुवायी में महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा एक वेलफेयर फण्ड का निर्माण किया गया है जिसमें विद्यार्थी अपनी फिजूल खर्ची काम करते हुए कुछ पैसे प्रतिमाह इस फण्ड में जमा करते हैं इसके लिए महाविद्यालय के प्राध्यापकों का भी उनको सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसी फण्ड का प्रयोग करते हुए छात्रसंघ द्वारा कॉलेज परिसर में सामूहिक बिक्री केंद्र की शुरुआत की गई है।