दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 जनवरी। साइबर प्रहरी एवं पुलिस टीम की मदद से नाबालिग बालिका परिजनों को वापस मिली। डायल 112 आरक्षक रवि सोनी ने कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव को फोन से बताया कि एक लगभग 11 वर्ष की नाबालिग बालिका चंडी मंदिर दुर्ग के पास अकेले भटकते हुये मिली। नाम पूछने पर अपना नाम हर्षिता दुबे बतायी लेकिन अपने माता-पिता का नाम नहीं बता पा रही थी तथा अपनी नानी का घर गाड़ाडीह पाटन का होना बतायी। नाबालिग बालिका को थाना लाया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेश ध्रुव ने तत्काल मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जानकारी ग्रुप में डाला गया। थाना प्रभारी दुर्ग ने प्रभारी पाटन को नाबालिग बालिका के परिजन की पता-तलाश करने के लिए फोटो भेजा। थाना दुर्ग क्षेत्र में सायबर प्रहरी ग्रुपों में नाबालिग बालिका की फोटो को भेजा गया।
इस पर महिला आरक्षक अनिता भास्कर के द्वारा अपने वार्ड 56 बघेरा सायबर प्रहरी गुप में नाबालिग बालिका की फोटो भेजने पर ग्रुप में जुड़े आम जनता के द्वारा नाबालिग बालिका की पहचान की गई। जिस पर बालिका परिजन थाना पहुंचे। नाबालिग बालिका की मां भारती दुबे पति गौतम दुबे द्वारा थाना आने पर बालिका को सुपुर्द कर दिया गया।