दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 जनवरी। नगर पालिक निगम क्षेत्र के नागरिकों को पीएम विश्वकर्मा योजना से लाभान्वित करने के लिए निगम क्षेत्र में शिविर लगाया जा रहा है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक आयोजित शिविर में आम नागरिकों को उनके वार्ड अथवा मोहल्ले में ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का आनलाइन पंजीयन,आधार कार्ड अपडेशन व आयुष्मान कार्ड - बनाने व सुधार करने सुविधा दी जा रही है।
शिविर में अब तक पीएम विश्वकर्मा योजना से लाभ लेने लोगों ने शिविर में पंजीयन कराया है। वहीं लोगों ने आधार अपडेशन भी कराया है। शिविर में लोगों ने आयुष्मान कार्ड भी बनवाया है। नगर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 18 प्रकार के पारंपरिक व्यवसाय में कारीगरों और शिल्पकारों की पहचान विश्वकर्मा के रूप में कर उन्हें लाभान्वित किया जाना है।
कारीगरों की क्षमता, योग्यता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए कौशल उन्नयन के लिए प्रशिक्षण पश्चात टूलकिट के लिए 15 हजार रुपये प्रदान किया जाना है। पंजीकृत हितग्राही जो प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, उन्हें प्रतिदिन 500 रुपये प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। व्यापार को आगे बढ़ाने रियायती ब्याज दर पर लोन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के कार्यो को प्राथमिकता के साथ करें पूर्ण। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत शहर के पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े शिल्पकारों एवं कारीगरों का पंजीयन ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएससी सेंटर) के माध्यम से किया जा रहा है।
पंजीयन उपरांत उन्हें परम्परागत व्यवसायों के लिए प्रशिक्षण, अनुदान एवं ऋण से लाभान्वित किया जाएगा।