दुर्ग

सायबर ठगी, 24 घंटे के भीतर 27 ट्रांजेक्शन से निकाले खाते से रुपए
12-Jan-2024 8:32 PM
सायबर ठगी, 24 घंटे के भीतर 27 ट्रांजेक्शन से निकाले खाते से रुपए

 न ओटीपी आया न बैंक से मैसेज 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 12 जनवरी। ठगी के नये नये तरीके ईजाद कर सायबर ठग मिनटों में लाखों रूपये लोगों के खातों से उड़ा ले रहे हैं और ये रूपये मल्टीपल ट्रांजेक्शन से लिये जा रहे हैं मगर पीडि़त को न तो कोई ओटीपी आई और न ही रुपये निकलने का एसएमएस। 

भिलाई के छावनी थानांतर्गत 7 से 8 जनवरी को 24 घंटे के भीतर एक खाते से 4-4 हजार रूपये लगभग 25 से ज्यादा ट्रांजेक्शन से निकाले गए हैं। पीडि़त के बैंक खाता से 27 बार रूपये निकले जरूर लेकिन बैंक से एक भी एसएमएस खाताधारी को नहीं भेजा गया। एक लाख 8 हजार की ठगी की सूचना मिलते ही 11 जनवरी को छावनी पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

छावनी थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि बीएम शाह हास्पिटल के समीप शास्त्री नगर कैम्प-1 निवासी दविंदर सिंह (48 वर्ष) ने शिकायत पत्र प्रस्तुत किया था, जिसके अवलोकन पश्चात धारा 420 का अपराध घटित होना पाये जाने पर कायमी कर विवेचना में लिया गया। 

दविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बसंत टॉकिज के सामने भिलाई स्थित उनके बचत खाता से 7 और 8 जनवरी के बीच 27 बार यूपीआई ट्रांजेक्शन हुआ, जिसका मुझे मैसेज एवं ओटीपी भी मेरे मोबाइल पर नहीं आया है। जब वो 10 जनवरी को बैंक पहुंचे तो पता लगा कि 7 जनवरी को 18 बार 4 हजार रुपए तथा 8 जनवरी को 9 बार 4 हजार रुपए, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये जानकारी के बिना खाता से हैदराबाद के एक्सिस बैंक के खाता में गया है।

बैंक मैनेजर आशीष त्रिपाठी ने दविंदर को बताया कि आपके साथ सायबर फ्राड हुआ है। किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा सायबर फ्राड कर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।


अन्य पोस्ट