दुर्ग
बिजनेस 2030 कार्यक्रम में बोले वित्त मंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 जनवरी। वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण योजना आर्थिक सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी ने कल भिलाई में द इंस्टीट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ़ इंडिया द्वारा आयोजित बिजनेस 2030 कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पूरे देश में न्यू इंडिया बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बड़ी मुहिम चल रही है।
आगे कहा कि लॉन्ग टर्म विजन के साथ भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र कैसे बने भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी जर्नी को कैसे पूरा करे, इस तरह के बड़े रोड मैप के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ बेहतर कंट्रीब्यूशन कैसे दे सकता है, आज 5 लाख करोड़ की जीडीपी है उसे 10 लाख करोड़ की जीडीपी कैसे पहुंचाना है, इस दिशा में अत्यधिक सुधार एवं बड़ी मेहनत की जरूरत है।
पिछले 5 सालों में हर जगह सिस्टम को ध्वस्त किया गया है ताकि लोगों की जेब में पैसा ज्यादा से ज्यादा जा सके और सरकारी खजाने में पैसा कम जाए, इसलिए इस सिस्टम में रिफॉर्म लाते हुए हर सेक्टर में हम सुधार एवं रिफॉर्म एजेंडा लेकर आगे बढ़ रहे हैं। चाहे जीएसटी हो, चाहे माइनिग हो, चाहे एक्साइज हो, जहां-जहां लीकेज हो, करप्शन हो सभी के लिए रिफॉर्म एजेंडा सेट करने जा रहे हैं और छत्तीसगढ़ को 5 लाख करोड़ की जीडीपी से 10 लाख करोड़ की जीडीपी कैसे पहुंचाएं इस पर पूरे सीए समुदाय, एंटरप्रिन्योर समुदाय एवं व्यापारियों का सहयोग अपेक्षित है और जो इमानदारी से कार्य करेगा, उन सबके लिए हमने अपील की है कि छत्तीसगढ़ एवं देश की इस जर्नी में अपना योगदान देवे।
भिलाई ग्रोथ इंजन के रूप में छत्तीसगढ़ के लिए भूमिका निभाएगा और छत्तीसगढ़ ग्रोथ इंजन के रूप में जो प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है, भारत की विकास यात्रा में बड़ी भूमिका निभाएगा इसके लिए रिफॉर्म एजेंडा सेट करते हुए एक रोड मैप के साथ हम सभी काम कर रहे हैं, इसमें सभी के सहयोग के लिए एक पार्टनर के रूप में अपील की गई है।