दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जनवरी। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भूगोल एवं भूविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 3 जनवरी, 2024 से 10 जनवरी, 2024 तक रिमोट सेसिंग एवं जी.आई.एस. पर एक कार्यशाला आयोजित की गयी।
भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीनिवास देशमुख ने कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर दिए गए व्याख्यानों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ काउंसिल ऑफ साईंस एण्ड टेक्नोलॉजी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रशांत कवीश्वर एवं डॉ. अमित दुबे, माखन लाल देवांगन एवं हितेश मालागर रिसर्च एसोसिएट, रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से भूविज्ञान अध्ययन शाला के विभागाध्यक्ष प्रो.निनाद बोधनकर, दुर्गा महाविद्यालय, रायपुर के भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा शुक्ला, शासकीय महाविद्यालय, खुर्सीपार के डॉ. आशीष मांझी, शासकीय महाविद्यालय गोबरा नवापारा से डॉ. तिशा डे, जयपुर से धर्मेष देशमुख, जियो सॉल्यूशन प्रायवेट लिमिटेड से बबिता निषाद, रायपुर से विनीत राजेश लांबे एवं इग्नू नई दिल्ली के प्रोफेसर बेनीधर देशमुख एवं डॉ. रोहिताश ने व्याख्यान दिए एवं प्रायोगिक सत्र संचालित किए।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में प्राचार्य ने कहा कि रिमोट सेसिंग एवं जी.आई.एस. के अध्ययन से विद्यार्थियों के लिए बेहतर रोजगार के अवसरों की संभावना है।
प्रथम दिन के सत्र में माखन लाल देवांगन एवं हितेश मालागर ने रिमोट सेंसिंग एवं जी.आई.एस के विषय में मूलभूत जानकारी दी एवं इन्टरनेट से रिमोट सेसिंग डेटा किस प्रकार डाउनलोड किया जाए इस संबंध में मार्गदर्शन दिया। द्वितीय दिन के सत्र में डॉ. आशीष मांझी ने क्यू.जी.आई.एस. सॉफ्टवेयर इन्स्टॉल करके उसके माध्यम से जियोरिफेेसिंग करने के बारे में प्रायोगिक जानकारी दी।
कार्यशाला के तीसरे दिन बबीता निषाद ने विभिन्न जी.आई.एस. सॉफ्टवेयर्स की जानकारी दी तथा जी.आई.एस. में लेयर्स के बारे में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। द्वितीय सत्र में धर्मेश देशमुख ने प्रतिभागियों को जियो रिफेंसिंग एवं डिजिटाईजेशन सिखाया तथा इन्टरनेट पर उपलब्ध रिमोट सेसिंग एवं जी.आई.एस. डाटा स्त्रोतों की जानकारी दी। चौथे दिन प्रो. मिनाद बोधनकर ने रिमोट सेसिंग एवं जी.आई.एस. के भूमिगत जल अन्वेषण से संबंधित अनुप्रयोग एवं वाटरषेड प्रबंधन में जी.आई.एस. के उपयोग को विस्तार से समझाया।
पांचवे दिन के प्रथम सत्र में डॉ. पूर्णिमा शुक्ला ने जी.आई.एस के बारे में सारगर्भित जानकारी देकर क्यू.जी.आई.एस के भूगोल एवं भूविज्ञान मेें अनुप्रयोग को समझाया तथा अगले सत्र में विनीत राजेश लांबे ने क्यू.जी.आई.एस. की सहायता से नक्षा बनाना बताया। छठवें दिन डॉ. तिषा डे ने गूगल अर्थ का उपयोग करके जी.आई.एस. मैप बनाने के संदर्भ में विस्तार से जानकारी दी एवं प्रयोगात्मक रूप से प्रतिभागियों को क्रमवार यह करना सिखाया।
कार्यशाला के अंतिम दिन प्रो. बेनीधर देशमुख ने इमेज इंटरप्रिटेशन एवं डिजिटल इमेज प्रोसेसिंग को समझाया एवं डॉ. रोहिताष ने क्यू.जी.आई.एस. के द्वारा विभिन्न भूमि उपयोग वर्गीकरण एवं अनुप्रयोग बताये।