दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जनवरी। लूट की नीयत से घर में घुसकर लूट के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी एवं उसकी सहयोगी युवती को कोर्ट ने सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग संजीव कुमार टामक की कोर्ट ने आरोपी अरुण कुमार सूर्यवंशी एवं आरोपिया कुमारी रजनी सोनवानी को धारा 326 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास, धारा 452 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास तथा धारा 397 के तहत 7 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी धारा के तहत एक-एक हजार रुपए अर्थ दंड भी अदा करने कहा है। 16 सितंबर 2019 की दोपहर को खुर्सीपार निवासी संगीता तिवारी अपने घर में थी।
इसी दौरान आरोपी अरुण कुमार सूर्यवंशी निवासी चिंगराजपारा चांटीडीह बिलासपुर तथा कुमारी रजनी सोनवानी निवासी न्यू खुर्सीपार भिलाई पहुंचे। अरुण ने पीने के लिए पानी मांगा। जब पीडि़ता पानी लेने घर के अंदर गई तो आरोपीगण भी उसके पीछे घर में घुस गए और अकेली पाकर उसके गले पर चाकू टिका दिया। पीडि़ता से सोने की बाली चैन आदि लूट लिए। इसके बाद आरोपी ने बुरी नीयत से पीडि़ता के साथ छेड़छाड़ भी की। जब पीडि़ता ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए और आरोपी को पकड़ लिया गया था।