दुर्ग
गेल इंडिया की अधिसूचना रद्द करते काम बंद कराने की मांग, चक्काजाम की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जनवरी। किसानों ने गेल इंडिया द्वारा बिछाई जा रही गैस पाइपलाइन के लिए जारी अधिसूचना रद्द करते हुए तत्काल काम बंद कराने मांग की। उन्होंने इस संबंध में जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में गेहूं की फसल को रौंदते हुए पाइप लाइन बिछा दिए जाने की शिकायत करते हुए रोष व्यक्त की साथ ही किसानों ने उनकी मांग पर सुनवाई नहीं होने पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा मुंबई नागपुर झारसुगड़ा गैस पाइपलाइन परियोजना हेतु दुर्ग जिले के 21 गाँव में गैस पाइपलाइन बिछाने की योजना चल रही है। उक्त 21 प्रभावित गाँव के 881 किसानों की खेती की जमीन इस पाइपलाइन से प्रभावित हो रही है। गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा फरवरी 2022 में इस हेतु अधिसूचना जारी की गई थी। ग्राम बागडूमर के प्रभावित किसान ओमप्रकाश यादव का कहना है कि इस अधिसूचना की नोटिस प्राप्त होने पर प्रभावित किसानों द्वारा गेल (इंडिया) लिमिटेड के सक्षम प्राधिकारी के समक्ष दावा आपत्ति की गई थी, परन्तु किसानों की आपत्तियों को नजरंदाज कर गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा किसानों की भूमि पर पाइपलाइन बिछाने के कार्यो को शुरू कर दिया।
ग्राम बोड़ेगाँव के किसान संजय ताम्रकार ने बताया कि गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा जबरदस्ती किसानों के खेतों को समतलीकरण कर पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
किसान रवि ताम्रकार ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध करने पर गेल (इंडिया) लिमिटेड के कर्मचारी द्वारा ग्रामीणों को डराया धमकाया जा रहा है। उन्होंने इस पाइपलाइन परियोजना के विरोध में जिला प्रशासन को पहले भी ज्ञापन देकर आपत्ति दर्ज कराई थी, परन्तु कोई संज्ञान नहीं लिया गया। आठ जनवरी को किसानों की सहमति के बिना जबरदस्ती बेतरतबी ढंग से खेत को 10 फीट गहरा गढ्डा खोदा जा रहा था घेरा को तोडक़र गेहूं को रौंदते हुए पाइप बिछाया जा रहा था इससे ग्रामीण भयभीत व आक्रोशित है। किसानो ने मौके पर पहुंचकर इस पर विरोध दर्ज कराया ताक्रकार ने बताया कि मौके पर काम में लगे भारी भरकम वाहनों के अलावा दुर्ग भिलाई शहरी सार्वजनिक यातायात सोसायटी का भी बस था जो कि जांच का विषय है।
किसान नेता संदीप पटेल का आरोप है कि इस पाइपलाइन परियोजना के संबंध में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा ग्रामीणों को मुआवजा से संबंधित कोई भी लिखित जानकारी नहीं दी गई है। मुआवजा हेतु बिना सूचना पत्र दिए ही किसानों से सहमति पत्र में हस्ताक्षर करवाए जा रहे है उक्त सहमति पत्र में फसल नुकसान संबंधित मुआवजे की राशि का कोई विवरण नहीं लिखा है और जानकारी के अभाव में किसानो से धोखाधड़ी पूर्वक हस्ताक्षर करवाये जा रहे है, जिसका वे पूर्ण विरोध करते है। छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा (मजदूर कार्यकर्ता समिति) के कालदास ढहरिया का कहना है कि उक्त पाइपलाइन के लिए भूमि के उपयोग के अधिकार का अर्जन हेतु जारी की गई अधिसूचना को रद्द करने की माँग को लेकर कलेक्टोरेट आये है यदि उनकी माँगे 15 दिन के भीतर पूरी नहीं हुई तो वे चक्काजाम करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में पीलाराम सिन्हा, खोरबाहरा राम, रजनी, दशरथ देवांगन सहित अनेक किसान शामिल है।