दुर्ग

जहर मामले में भर्ती मां-बेटी की स्थिति में सुधार
30-Dec-2023 2:45 PM
जहर मामले में भर्ती मां-बेटी  की स्थिति में सुधार

दुर्ग, 30 दिसंबर। जामुल थाना अंतर्गत लक्ष्मी पारा में 25 दिसंबर की रात को एक परिवार के मुखिया द्वारा स्वयं जहर खाने एवं पूरे परिवार को जहर खिलाने वाले मामले में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस अब मृतक हेमलाल वर्मा की पत्नी के अस्पताल से वापस घर लौटने का इंतजार कर रही है। मृतक की पत्नी जान्हवी वर्मा से पूछताछ के बाद जहर खाने वाले मामले मे कारण सामने आने की संभावना है।

25 दिसंबर की रात को भिलाई नगर निगम में पंप ऑपरेटर के रूप में कार्यरत ठेका कर्मी हेमलाल वर्मा ने कोरोना से बचने की आयुर्वेदिक दवा बताकर स्वयं जहर का सेवन किया और अपनी पत्नी, बड़ी बेटी प्रिया तथा मंझली बेटी मुस्कान को भी जहर दे दिया था। रात को परिवार वालों एवं पड़ोसियों ने तुरंत अस्पताल ले जाकर चारों को इलाज के लिए भर्ती किया था, जहां पर देर रात में ही हेमलाल वर्मा ने दम तोड़ दिया था। वहीं दोपहर में प्रिया वर्मा ने अंतिम सांस ली थी। मृतक हेमलाल वर्मा की पत्नी जान्हवी वर्मा एवं मुस्कान अस्पताल में भर्ती हैं। 
जामुल थाना प्रभारी केसोराम कोसले ने बताया कि अस्पताल में जान्हवी एवं मुस्कान की स्थिति धीरे-धीरे नॉर्मल हो रही है। उनके डिस्चार्ज होकर घर आने के बाद जान्हवी से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही मृतक हेमलाल वर्मा द्वारा जहर खिलाए जाने का कारण स्पष्ट हो पाएगा? कोसले ने बताया कि आसपास के लोगों, रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। अब तक कोई कारण सामने नहीं आया है।

 


अन्य पोस्ट