दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 दिसंबर। सूने आवास का फायदा उठाने में अज्ञात चोर पीछे नहीं है। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो घरों का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात सहित नगदी रकम की चोरी कर ली। दोनों ही प्रार्थी ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक जयंती नगर दुर्ग निवासी प्रार्थी ने आवेदन देते हुए थाना मे लिखित जानकारी दी कि 24 दिसंबर को वह अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर छुट्टियां बिताने बाहर गया हुआ था। 26 दिसंबर को वापस आया तो देखा कि घर के सामने का दरवाजा का ताला टूटा हुआ है और चोरी हो गई है। घर का एवं अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखी हुए सोने के कान के तीन जोड़ी टॉप्स, 6 पाइप्स की माला, एक पेडल, फुल्ली, चांदी की 6 जोड़ी पायल, अष्टधातु की हनुमान मूर्ति तथा नगदी 3000 रुपए गायब थे।
इसी तरह कादंबरी नगर निवासी गजानन वैष्णव ने शिकायत की है कि वह अपने पारिवारिक कार्य वार्षिक श्राद्ध के लिए परिवार सहित 15 दिसंबर को अपने ससुराल गए हुए थे। जब 27 दिसंबर को वापस आए तो देखा कि कादंबरी नगर के उनके निवास में अज्ञात चोरों ने ताला तोडक़र चोरी कर ली है।
अज्ञात आरोपियों ने सोने के दो जोड़ी मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल, तीन जोड़ी टॉप्स, बच्चे की चेन व अंगूठी तथा नगदी रकम 65000 जो कि उसकी पत्नी ने सिलाई कार्य करके जमा किए थे की चोरी कर ली थी। प्रार्थी गजानन के सेवानिवृत्ति की रखी लाखों रुपए पर भी चोरो ने हाथ साफ कर दिए। इसी तरह प्रार्थी की बहू के कमरे का भी ताला तोडक़र सामानों की चोरी की। प्रार्थी ने उक्त रकम जमीन खरीदने के लिए इक_ा कर रखी थी। मोहन नगर थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि चोरी के संबंध में आवेदन आया है, मामले की जांच की जा रही है।