दुर्ग

अब 31 सौ क्विंटल मिलने का इंतजार
29-Dec-2023 3:36 PM
अब 31 सौ क्विंटल मिलने का इंतजार

दुर्ग में 3 लाख टन धान बिका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 दिसंबर। समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसान अब 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल मिलने का बांट जोह रहे हैं। अभी भी धान विक्रय करने वाले किसानों को केन्द्र सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार भुगतान प्राप्त हो रहा है, जिले में अब तक किसान 29 लाख 91 हजार 890 क्विंटल धान का विक्रय कर चुके हैं।

जानकारी के अनुसार जिले में जारी खरीफ सीजन में 1 लाख10 हजार किसान पंजीकृत है। इनसे 52 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदी का अनुमान है। अभी अनुमानित लक्ष्य की आधी खरीदी हो चुकी है। भाजपा ने चुनाव के समय21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी एवं 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से एकमुश्त भुगतान करने की बात कही थी, हालांकि घोषणा के अनुरूप किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदी शुरू हो गई है।

मगर उनकी सरकार बन जाने के बाद अभी भी किसानों को प्रति क्विंटल पतला धान का 2203 एवं मोटा का 2183 रूपए भुगतान किया जा रहा है।

सरकार को स्पष्ट कर देना चाहिए कब तक करेंगे भुगतान

छग प्रगतिशील किसान संगठन के महा सचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि किसानों को घोषणा के अनुरूप प्रति क्विंटल 3100 रूपए मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के किसान धैर्य रखकर इंतजार कर रहे हैं। आगे भी वे धैर्य रखने तैयार है, मगर सरकार को स्पष्ट कर देना चाहिए कि घोषणा के अनुरूप प्रति क्विंटल 3100 रुपए के हिसाब से कब तक भुगतान करेंगे। यह सरकार को स्पष्ट कर समय निर्धारित कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल के खरीफ के न्याय योजना का बकाया चौथा किस्त किसानों का अधिकार है। इस संबंध में प्रशासनिक आदेश भी हो चुका, जिसके अनुरूप उक्त राशि मिलने की अपेक्षा है।


अन्य पोस्ट