दुर्ग

दो आरक्षकों का सम्मान
28-Dec-2023 3:47 PM
दो आरक्षकों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 दिसंबर। रास्ते में बच्ची को लेकर परेशान महिला की तत्काल मदद करने वाले थाना मोहन नगर के आरक्षक तारकेश्वर साहू एवं आरक्षक सकील खान को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्य की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर एवं नगद इनाम देने की घोषणा की है। दोनों आरक्षक स्टेशन रोड गुरूद्वारा के पास डयूटी में तैनात थे। 26 दिसंबर की दोपहर  3 बजे एक महिला अपने डेढ वर्षीय पुत्री को लिये हुए दौड़ते हुए जोर जोर से चिल्ला कर आ रहीं थी। डयूटी में तैनात कर्मचारी आरक्षक द्वारा महिला के पास जाकर पूछा गया क्या हुआ तो महिला बहुत डरी सहमी थी, ठीक से बोल नहीं पा रहीं थी। उसकी डेढ़ वर्षीय पुत्री ठीक से श्वास नहीं ले पा रहीं थी।

उक्त महिला ने बताया कि बच्ची को दवाई खिलाए तो दवाई गले में अटक गई है। महिला द्वारा यह बताते ही ड्यूटी में तैनात आरक्षक तारकेश्वर साहू एवं सकील खान द्वारा विलंब न करते हुए अपने बाईक से उक्त महिला को उसके डेढ वर्षीय पुत्री के साथ बाईक में बैठाकर ईलाज हेतु तत्काल यशोदानंदन अस्पताल में लेकर गए।

डॉक्टर द्वारा बच्ची का ईलाज किया गया। ईलाज पश्चात बच्ची के परिजन अपने बच्ची को सकुशल घर लेकर गए। परिजन द्वारा पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। ड्यूटी में तैनात उक्त पुलिस कर्मचारियों की तत्परता को देख एसएसपी दुर्ग राम गोपाल गर्ग द्वारा उक्त दोनों आरक्षकों का सम्मान प्रशस्ति पत्र देकर किया गया और नकद इनाम देने का वादा किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा भी मौजूद थे।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस के ऐसे कार्यों से जनता के साथ संबंध अच्छा होता है।


अन्य पोस्ट