दुर्ग

मामूली बात पर हमला, 2 गिरफ्तार
28-Dec-2023 3:46 PM
मामूली बात पर हमला, 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 दिसंबर। घर के सामने बैठकर आग ताप रहे आरोपियों को मना करना प्रार्थी को भारी पड़ गया। गुस्साए आरोपियों ने युवक पर डंडे व धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे प्रार्थी के सिर, पेट एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटे आई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज के लिए भर्ती किया गया।

जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी थी। इस मामले में दो आरोपी जिसमें एक विधि से संघर्ष बालक शामिल है, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, वहीं एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 327, 307, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू व बांस डंडा को जब्त किया गया है।

शिवपारा में महेंद्र उर्फ लल्ला ढीमर के घर के सामने आरोपी गन्नू ढीमर ,सुरेंद्र उर्फ भुरु ढीमर एवं विधि से संघर्षरत बालक मंगलवार की रात को आग ताप रहे थे। इस पर महेंद्र उर्फ लल्ला ढीमर ने इन्हें आग तापने से मना किया। इस पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए बांस के डंडे एवं धारदार चाकू से महेंद्र पर वार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची एवं घायल को अस्पताल भिजवाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राम गोपाल गर्ग नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग मणी शंकर चंद्रा के निर्देश व कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव के नेतृत्व में टीम आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी थी। पुलिस ने गन्नू ढीमर एवं विधि से संघर्ष बालक को पकड़ कर पूछताछ में लिया। दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल किया वहीं एक आरोपी सुरेंद्र उर्फ भुरु ढीमर की तलाश में टीम लगा दी गई है।


अन्य पोस्ट