दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। शिव पुराण कथा में शिव पार्वती विवाह प्रसंग पर जीवंत झांकी ने सबका मन मोह लिया। आदर्श ग्राम कुथरेल में आयोजित शिव पुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह एवं पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में शिव पार्वती विवाह प्रसंग का जीवंत झांकी प्रस्तुत किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाराती और घराती बनकर बारात में झूमने लगे। दोनों का मंगल विवाह किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया।
इस विवाह की चर्चा करते हुये कथा वाचक सुरेश कुमार दनि जी ने कहा कि भगवान शंकर ने सबसे पहले सती से विवाह किया था। यह विवाह बड़ी कठिन परिस्थितियों में हुआ था, क्योंकि सती के पिता दक्ष इस विवाह के पक्ष में नहीं थे। हालांकि उन्होंने अपने पिता ब्रह्मा के कहने पर सती का विवाह भगवान शंकर से कर दिया। राजा दक्ष द्वारा शंकरजी का अपमान करने के चलते सती माता ने यज्ञ में कूदकर आत्मदाह कर लिया था।
इसके बाद शिवजी घोर तपस्या में चले गए। सती ने बाद में हिमवान के यहां पार्वती के रूप में जन्म लिया। उस दौरान तारकासुर का आतंक था। उसका वध शिवजी का पुत्र ही कर सकता था, ऐसा उसे वरदान था लेकिन शिवजी तो तपस्या में लीन थे। ऐसे में देवताओं ने शिवजी का विवाह पार्वतीजी से करने के लिए एक योजना बनाई। उसके तहत कामदेव को तपस्या भंग करने के लिए भेजा गया। कामदेव ने तपस्या तो भंग कर दी, लेकिन वे खुद भस्म हो गए। देवताओं के अनुरोध और माता पार्वती की तपस्या से प्रसन्न होकर बाद में शिवजी ने पार्वतीजी से विवाह किया।
शुक्रवार को कथा का समापन होगा साथ टोली की विदाई एवं गायत्री महायज्ञ मे सभी संस्कार जैसे जन्मदिन, दीक्षा,नामकरण, विद्यारंभ, पुंसवन संस्कार कराये जायेंगे, और महाप्रसादी बांटा जायेगा।