दुर्ग
75 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मियों का सम्मान
दुर्ग, 21 दिसंबर। रेलवे पेंशनर्स एसोसियेशन द्वारा पेंशनर्स डे धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनीष कुमार सिन्हा सीनियर कोचिंग डिपो ऑफिसर, विशिष्ट अतिथि चंदन केसरी मैनेजर कॉम्लाइन्स भिलाई एसबीआई एवं सम्माननीय अतिथि के रूप में प्रतिभा सिंह मैनेजर एसबीआई मालवीय नगर ,सुमित कुमार पाटिल मैनेजर एसबीआई स्टेशन रोड दुर्ग, सिद्धार्थ शंकर मिश्रा मैनेजर एसबीआई सेक्टर 1 मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं संगठन के अध्यक्ष एस सेतुरामन द्वारा द्वीप प्रज्जवलित कर प्रारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में 75 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले सेवानिवृत्त जन श्री बुधवा एवं वीके डोंगरे का शाल श्रीफल देकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि पेंशन आपको आधा जीवन सेवा में व्यतीत करने के पश्चात प्राप्त होता है, तो इसका उपयोग आप सभी सेवानिवृत्तिजनों को अपने स्वास्थ्य एवं अपनी रुचि के कार्यों में करना चाहिए। वहीं वरिष्ठ जनों को वर्तमान में हो रहे साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए भी समझाइए दी गई एवं किसी भी प्रकार के लालच में आने से बचने कहा गया।
सेवानिवृत कर्मियों को सचेत करते हुए कहा गया कि फोन पर किसी भी तरह की बैंक संबंधी जानकारी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मांगे जाने पर उसे साझा न करें।
कोई दिक्कत होने पर बैंक से संपर्क करने कहा गया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने कहा कि मालवीय नगर स्थित स्टेट बैंक प्रथम ताल में होने के कारण वरिष्ठ नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों ने बैंक को स्थानांतरित कर समस्या दूर करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन सेक्रेटरी ए के राव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के अध्यक्ष एस सेतुरामन, उपाध्यक्ष शंकर राव, सह सचिव आरके शर्मा, संगठन सचिव आरके हुकरे, सचिन कालीचरण उरांव, कोषाध्यक्ष सी पी साहू, सदस्य गण कांति कुमार मेश्राम, लालबाबू, आयशा आलम, एमपी गुप्ता, एसके भरने का विशेष योगदान रहा।