दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 दिसंबर। राज्य सभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने देश के 22 हजार गांवों के गरीब आदिवासियों के लिए जनमन स्कीम शुरू करने पर हार्दिक बधाई और उनका आभार व्यक्त की है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने झारखंड के खूंटी में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यह घोषणा की थी। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के अपने सिद्धांत के आधार पर काम किया जाएगा, और इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने जनजातीय समुदायों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए हैं पीएम जनमन योजना इसी की ताजा कड़ी है।
उन्होंने कहा निश्चित तौर पर इस योजना से देश के 22 हजार गांवों के गरीब आदिवासियों की किस्मत बदलेगी। उन्होंने कहा इस योजना में 24 हजार करोड़ खर्च किया जाएगा। योजना के तहत आदिवासयों के बेहतर स्वास्थ्य, भोजन, रोजगार, मकान, शिक्षा आदि का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही लोगों को बीच जागरूता बढ़ाने के लिए भारत संकल्प यात्रा के साथ ही अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 26 जनवरी तक पूरे देश में जारी रहेगा।
उन्होंने बताया प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन) को केन्द्र सरकार ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। यह महाभियान अनेक मंत्रालयों के 11 अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के सहारे चलेगा। उन्होंने कहा पीएम जनमन स्कीम के तहत सरकार आदिवासी जीवन स्तर की तस्वीर बदलने की कोशिश कर रही है। योजना के तहत आदिवासी समुदायों की जीवन स्तर को बेहतर किया जाएगा। इसके लिए मासिक राशन सुविधा, चिकित्सा बीमा, गारंटी रोजगार, नल जल, उज्ज्वला योजना, मकान और जमीन समेत कई तरह के लाभ दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया इस योजना से पक्के आवासों का निर्माण, सडक़ों का प्रबंध, नल से जल और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाएं शामिल हैं। आयुष मंत्रालय इस योजना के तहत मौजूदा मानकों के आधार पर आय़ुष वेलनेस सेंटर स्थापित करेगा, जिनके जरिये मोबाइल मेडिकल यूनिटों की मदद से पीवीटीजी ठिकानों पर आय़ुष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय पीवीटीजी रिहाइशी इलाकों में कौशल और व्यावसायिक शिक्षा के केंद्र शुरू करेगा ताकि आदिवासी लोगों के लिए रोजगार के साधन बढ़ेगा।