दुर्ग

बाइक के फ्यूल टैंक पर गर्लफे्रंड बैठा फर्राटा भर रहे युवक पर 2 हजार का चालान
21-Dec-2023 3:07 PM
बाइक के फ्यूल टैंक पर गर्लफे्रंड बैठा फर्राटा भर रहे युवक पर  2 हजार का चालान

बाइक के लिए कोर्ट का लगाना पड़ेगा चक्कर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 21 दिसंबर। बाइक के फ्यूल टैंक पर गर्लफ्रेंड बैठाकर एनएच पर फर्राटेदार गति से रायपुर से भिलाई आने वाले युवक का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने आखिरकार उसे ढूंढ निकाला और युवक के खिलाफ 2 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की है। बाइक जब्त कर ली गई है जिसे छुड़वाने युवक को कोर्ट जाने कहा गया है। इस कार्रवाई के बाद युवक ने सार्वजनिक वीडियो में अपनी गलती स्वीकार की और दूसरों से ऐसा कृत्य नहीं करने की अपील भी की हैं।

ट्रैफिक डीएसपी सतीश कुमार ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को बाइक सीजी 07 एलपी 4222 सवार युवक ने टंकी पर गलत तरीके से युवती को बैठाया। नेशनल हाइवे-53 पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जा रहा था। पीछे से कार चालक ने उसका वीडियो बनाया। उसे दुर्ग ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नम्बर पर वाट्सएप कर दिया। तत्काल वाहन नंबर को ट्रेस कराया गया। इसके बाद वाहन मालिक को नेहरु नगर यातायात मुख्यालय बुलाया गया। उसे वीडियो दिखाया। तब उसने स्वीकार किया कि बाइक उसका छोटा भाई चला रहा था। वह घर से बाइक लेकर भिलाई-3 गया था। परिजनों ने उसे मुख्यालय में बुलाया। लापरवाह इस युवक ने सार्वजनिक तौर पर गलती को स्वीकार किया और दूसरों को ऐसा कृत्य नहीं करने की अपील भी की। पुलिस ने न्यायालय द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए उस पर 2 हजार रुपए अर्थदण्ड लगाया है।  ज्ञात हो कि यातायात से संबंधित किसी भी प्रकार के सुझाव और शिकायत यातायात हेल्पलाईन नम्बर 94791 92029 पर वीडियो या फोटो भेज सकते हैं। यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील करती है कि वे अनुशासित होकर वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन में दो से अधिक सवारी न बैठाएं, रांग साईड न चले, शराब पीकर वाहन न चलाएं और हमेशा यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाए, सुरक्षित चलें।


अन्य पोस्ट