दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 दिसंबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में विज्ञान संकाय के तत्वाधान में विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार सप्ताह की प्रायोगिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला दिनांक 31 अक्टूबर 2023 से 01 दिसंबर 2023 तक आयोजित की गई।
कार्यशाला के प्रथम सप्ताह में डॉ. समन सिद्दीकी, प्रभारी संकायाध्यक्ष विज्ञान संकाय ने स्वागत भाषण दिया जिससे एक समृद्ध और ज्ञानवर्धक वातावरण बना। इसके उपरांत जैव रसायन विज्ञान से जुड़े विषय जैसे कार्बोहाइड्रेट के गुणात्मक एवं मात्रात्मक परीक्षण, वैद्युतकण संचलन, पीसीआर, पेपर क्रोमैटोग्राफी, प्रोटीन और लिपिड के लिए गुणात्मक परीक्षण आवश्यक आणविक तकनीकें जैसी प्रमुख प्रायोगिक तकनीकों पर सभी प्रतिभागियों नेे प्रायोगिक कार्य सम्पन्न किये।
कार्यशाला के दूसरे सप्ताह में सूक्ष्मजीव विज्ञान से संबंधित निजर्मीकरण, संवर्धन माध्यम तैयार करना, पोरिंग करना, क्रमिक तनुकरण तकनीक, हवा, मिट्टी तथा पानी से बैक्टीरिया और कवक का संवर्धन करना, सूक्ष्मजीव का अवलोकन कर लक्षणों का वर्णन करना, स्ट्रीक प्लेट, स्प्रेड प्लेट बनाना जैसी शुद्ध कल्चर तकनीकें और ग्राम स्टेनिंग और लेक्टो फिनॉल स्टेनिंग इत्यादि प्रायोगिक कार्य विद्यार्थियों द्वारा किए गए।
तीसरा सप्ताह प्लांट बायोटेक्नोलॉजी पर काम किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने पौधों के लिए मीडिया बनाना, पादप उत्तकों का निजर्मीकरण करना तथा पादप उत्तक संवर्धन बनाना जैसे प्रायोगिक कार्य संपादित किए। कार्यशाला के अगले चरण में प्रतिरक्षा विज्ञान से संबंधित कार्य जैसे ब्लड टेस्ट, वाइडल टेस्ट, एलिसा टेस्ट और आर.आई.ए. टेस्ट करना सिखाया गया। कार्यशाला के अन्तिम चरण में पादप कोशिका से डीएनए आइसोलेशन करना, डी.पी.ए. विधि से डीएनए एस्टीमेशन करना तथा एगारोस जैल इलेक्ट्रोफोरेसिस जैसी तकनीकों से अवगत कराया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थीयों में विज्ञान के रहस्यों को उजागर करना, सैद्धांतिक ज्ञान से परे जाकर छात्रों को प्रायोगिक ज्ञान की मजबूत समझ विकासित करने हेतू महत्वपूर्ण प्रायोगिक अनुभव प्रदान करना था। सावधानी पूर्वक तैयार किए गए सत्रों का उद्देश्य वैज्ञानिक जिज्ञासा, आलोचनात्मक सोच और व्यावहारिक कौशल का पोषण करना है जो निस्संदेह उनकी शैक्षणिक यात्रा को बढ़ाएगा।
इस कार्यशाला में प्रशिक्षक के तौर पर विज्ञान संकाय के समस्त प्राध्यापकों ने अपना योगदान दिया और प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इसमें डॉ. श्वेता एन., डॉ. चांदनी अफसाना, संगीता वर्मा, प्रियंका सिन्हा, डॉ. लुमेश्वरी साहू, डॉ. अंशुदीप खलखो, डॉ. समन सिद्दीकी, लीलम चंद्राकर और स्वीटी तिवारी शामिल थीं।
इस अवसर पर विज्ञान संकाय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।