दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 दिसंबर। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट दुर्ग व थाना दुर्ग पुलिस ने नशीली दवाइयों का जखीरा पकड़ा है। आरोपी के पास से 6500 रुपए कीमत की लगभग 450 नशीली अल्फाजोलम टैबलेट, नगदी रकम 2100 रुपए बरामद किये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग के द्वारा नशे के सौदागरों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीसीयू अनुराग झा, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग मणीशंकर चंद्रा के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम, साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक नरेश पटेल, थाना प्रभारी दुर्ग महेश ध्रुव के नेतृत्व में टीम अवैध कारोबारी पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि इंदिरा नगर बघेरा सुलभ के पास एक व्यक्ति नशीली औषधियों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी रोहित उर्फ शुभम यादव (23) को पकड़ा।
आरोपी के पास से मनोत्तेजक औषधियां 450 अल्फाजोलम टैबलेट को बरामद किया है।