दुर्ग
हितवा संगवारी अभ्यारण में रोपे पौधे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 दिसंबर। पर्यावरण संरक्षण की संदेश लेकर भारत भ्रमण यात्रा पर निकले अजय कुमार ने ग्राम डुन्डेरा के हितवा संगवारी अभ्यारण में पौधरोपण किया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रहे ग्राम के हितवा संगवारी संस्था के युवाओं के आग्रह पर उन्होंने यह पौधा रोपित किया।
उन्होंने संस्था द्वारा चलाए जा अभियान की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी इससे प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण का कार्य करने अपील की। इस दौरान संस्था के रोमशंकर यादव, प्रेमनारायण मढ़रिया, ऐन्द्र कुमार हिरवानी मौजूद थे।
अजय ने बताया कि 10 दिसंबर 2022 से पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर साइकिल से भारत भ्रमण करते हुए 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकले है। सालभर में वे 16 राज्यों की यात्रा कर चुके हैं, अब तक की यात्रा में वे लगभग 15 हजार किमी की यात्रा साइकिल से पूरा कर चुके है। अपनी अब तक की यात्रा में वे हरियाणा ,उत्तर प्रदेश , बिहार, पं. बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम , नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मणिपुर, झारखंड, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि प्रदेश के मैदानी क्षेत्र से लेकर पहाड़ी एवं जंगल के रास्तों को साईकिल से नाप चुके है। अपनी इस यात्रा के दौरान दो दिन पूर्व वे उतई पहुंचे, जहां एक निजी पेट्रोल पंप ठहरे जहां कार्यरत ऐन्द्र कुमार हिरवानी ने उन्हें डुन्डेरा में हितवा संगवारी संस्था के कार्य की जानकारी दी।
अजय के समक्ष यात्रा के दौरान अनेक चुनौतियां भी आई इसके बावजूद साल भर से निरंतर यात्रा जारी रखे हुए हैं। उनका कहना कि यात्रा के दौरान उनका लद्दाख में समुद्र तल से19300 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुनिया की सबसे ऊंची सडक़ उमलिंग ला जाने की इच्छा हैं। अपने लक्ष्य के अनुसार अभी देश के अन्य 12 राज्यों तक जाना बाकी, जहां तक की यात्रा पूरी करने में उन्हें साल भर का और समय लग सकता है।