दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 दिसंबर। पिछले सप्ताह हुई बेमौसम बारिश से अनेक किसानों के खेत व खलिहानों में रखे धान पानी में भीग गए थे। जिले के ऐसे तेरह सौ से अधिक किसानों ने बीमा कंपनी के समक्ष की फसल खराब होने को लेकर शिकायत की है। इन प्रभावित किसानों ने क्षति का आंकलन कर बीमा दावा राशि देने मांग की है।
गौरतलब है 4 से 7 दिसंबर जिले में अच्छी बारिश हुई थी। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि इस बेमौसम बारिश के दौरान जिले के अनेक किसानों के खेतों काटकर रखे गए धान के करपा के अलावा खड़ी फसल भीग गया था। बाहरा खेत में नमी बने होने के कारण ऐसी जमीन में लगी फसल इससे ज्यादा प्रभावित हुए थे। कई किसानों के खलिहानों में रखे धान भी पानी में भीग गए थे। जिन किसानों ने बेमौसम बारिश की वजह से पानी में भीग कर फसल खराब होने की शिकायत की है। उन किसानों के खेतों का शीघ्र सर्वे कर जो बीमा दावा के दायरे में आ रहें उन्हें बीमा दावा राशि का भुगतान किया जाना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक फसल को नुकसान होने पर बीमा कंपनी को 72 घंटे के भीतर सूचना देना होता है। बेमौसम बारिश के बाद जिले के अनेक किसानों ने बीमा कंपनी को आनलाइन फसल खराब होने की शिकायत की है। इनमें सिंचित भूमि पर फसल लेने वाले 1153 किसान शामिल है, वहीं शिकायत करने वालों में 159 ऐसे किसान है, जिन्होंने असिंचित भूमि में ली गई धान फसल खराब होने की बात कही है।
सर्वे के लिए बनाई गई है टीम - उप संचालक
उपसंचालक कृषि ललित मोहन भगत का कहना है कि किसानों से मिली शिकायत पर क्षति का आंकलन करने सर्वे के लिए टीम बनाई गई है। इस टीम में राजस्व एवं कृषि विभाग के अलावा बीमा कंपनी के अधिकारी भी शामिल है, जो सर्वे कर पता लगाएंगे कि कितने क्षेत्र की फसल को कितनी क्षति हुई है टीम के अधिकारी शीघ्र सर्वे कर रिपोर्ट सौंपेंगे।